नीट पेपर लीक मामले को लेकर बोले रामकृपाल यादव- सभी कमियों को दूर किया जाएगा
पटना, 23 मई (आईएएनएस)। बिहार सरकार के मंत्री रामकृपाल यादव ने नीट पेपर लीक मामले के मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किए जाने पर आईएएनएस से बातचीत में कहा कि नीट पेपर लीक मामले को केंद्र सरकार ने गंभीरता से लिया है।
उन्होंने कहा कि दोबारा परीक्षा लेकर अभ्यर्थियों के हितों को सुरक्षित किया जाएगा। बच्चों को किसी तरह की कोई तकलीफ नहीं होगी। इस बार की परीक्षा में सभी कमियों को दूर कर दिया जाएगा। भविष्य में भी बच्चों को परेशानी नहीं उठानी पड़ेगी।
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सड़क पर नमाज वाले बयान को लेकर उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार के मुख्यमंत्री की पहली प्राथमिकता कानून-व्यवस्था बेहतर करने की होती है। सीएम धामी की ओर से लिया गया यह निर्णय उचित है और उनके इस निर्णय का हम सब स्वागत करते हैं।
श्रीराम जन्मभूमि पर मंदिर बनने के बाद श्रद्धालुओं को लेकर रामकृपाल यादव ने कहा कि राम मंदिर बनने के बाद श्रद्धालुओं की संख्या में बढ़ोतरी देखी जा रही है। एआई समिट के उद्घाटन को लेकर उन्होंने कहा कि एआई को बढ़ावा देने के लिए मुख्यमंत्री के प्रयास से एआई समिट किया जा रहा है। यह स्वागतयोग्य कदम है और एआई के माध्यम से दुनिया के साथ बिहार भी खड़ा रहेगा।
गौ-तस्करी को लेकर महाराष्ट्र सरकार की ओर से उठाए गए कदम पर रामकृपाल ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार का फैसला स्वागत योग्य है। गौ-तस्करी करने वालों को महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण कानून (मकोका) के तहत गिरफ्तारी करना एक बड़ा निर्णय है। बड़े पैमाने पर गौ वध किया जाता है और गाय पशुधन है। गौ माता की सुरक्षा करना अनिवार्य है।
सांसद हरभजन सिंह की ओर से आम आदमी पार्टी पर लगाए गए आरोप को लेकर रामकृपाल ने कहा कि हरभजन सिंह के भाजपा में आने का स्वागत है। वे बड़े खिलाड़ी और गंभीर व्यक्तित्व वाले रहे हैं। आम आदमी पार्टी की कलई खुल गई है और हर आम आदमी पार्टी की सच्चाई सामने आ चुकी है। केजरीवाल साफ हो गए और अब भगवंत मान बचे हुए हैं। अगले चुनाव में वे भी सत्ता से बाहर हो जाएंगे।
--आईएएनएस
एसडी/पीएम
