नीट मुद्दे पर रांची में भाजपा कार्यालय घेरने पहुंचे कांग्रेसी, दोतरफा टकराव के बीच फेंके गए अंडे-टमाटर और बोतल
रांची, 23 जुलाई (आईएएनएस)। नीट पेपर लीक मामले को लेकर गुरुवार को रांची में भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक टकराव खुलकर सामने आ गया। कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा प्रदेश कार्यालय का घेराव करने पहुंचे, जहां पुलिस की बैरिकेडिंग तोड़ने की कोशिश के दौरान भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आमने-सामने आ गए। दोनों पक्षों के बीच तीखी नारेबाजी हुई और एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर तथा पानी की बोतलें फेंकी गईं। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को भारी मशक्कत करनी पड़ी।
कांग्रेस के हजारों कार्यकर्ता हरमू रोड स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च करते हुए पहुंचे। प्रदर्शनकारी केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे थे और नीट पेपर लीक मामले की जवाबदेही तय करने की मांग को लेकर नारेबाजी कर रहे थे। हालांकि, प्रशासन ने भाजपा कार्यालय से करीब 100 मीटर पहले ही कई स्तरों पर बैरिकेडिंग कर उन्हें रोक दिया। बैरिकेडिंग के सामने प्रदर्शनकारियों ने आगे बढ़ने का प्रयास किया और पुलिस द्वारा लगाए गए अवरोधकों को हटाने की कोशिश की।
इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। मौके पर मौजूद पुलिस बल ने प्रदर्शनकारियों को आगे बढ़ने से रोक दिया। दूसरी ओर भाजपा कार्यालय के बाहर भी बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता पहले से मौजूद थे। हाथों में पार्टी के झंडे लिए कार्यकर्ता राहुल गांधी और कांग्रेस के खिलाफ नारे लगा रहे थे। दोनों दलों के कार्यकर्ता आमने-सामने आते ही माहौल और तनावपूर्ण हो गया। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर अंडे, टमाटर और पानी की बोतलें फेंकी गईं। कुछ भाजपा कार्यकर्ता दमकल वाहन के ऊपर चढ़ गए, जहां से उन्होंने कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर टमाटर और अंडे फेंके।
जवाब में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की ओर से भी अंडे और अन्य वस्तुएं उछाली गईं। इससे पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हरमू रोड और आसपास के इलाके को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया गया। बड़ी संख्या में पुलिस बल, रैपिड एक्शन टीम और वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर तैनात किए गए। पुलिस लगातार दोनों पक्षों को आमने-सामने आने से रोकने और स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करती रही।
प्रदर्शन के कारण हरमू रोड पर यातायात भी बुरी तरह प्रभावित हुआ। सड़क पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिसके बाद ट्रैफिक पुलिस ने कई मार्गों पर वाहनों का डायवर्जन किया। उल्लेखनीय है कि एक दिन पहले भाजपा और भाजयुमो कार्यकर्ताओं ने 14वीं जेपीएससी प्रारंभिक परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जेपीएससी कार्यालय का घेराव किया था। इसके बाद भाजपा कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय तक पहुंच गए थे, जहां दोनों दलों के बीच तनाव की स्थिति बनी थी।
गुरुवार को कांग्रेस ने नीट पेपर लीक मामले को लेकर भाजपा कार्यालय घेराव का कार्यक्रम आयोजित किया, जिसके दौरान दोनों दलों के बीच सियासी टकराव और तेज हो गया।
--आईएएनएस
एसएनसी/पीएम
