नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई किया
नई दिल्ली, 28 अगस्त (आईएएनएस)। स्टार जैवलिन थ्रोअर नीरज चोपड़ा ने डायमंड लीग फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया है। चोपड़ा ने ज्यूरिख डायमंड लीग खत्म होने के बाद ओवरऑल स्टैंडिंग में छठे स्थान पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया।
नीरज चोपड़ा लीग से 12 पॉइंट्स के साथ छठे स्थान पर रहे। उन्होंने सिर्फ दो लेग्स में हिस्सा लिया, जबकि ज्यूरिख सहित तीन लेग्स में हिस्सा नहीं ले सके।
श्रीलंका के रुमेश थरंगा पथिरगे ने ज्यूरिख डायमंड लीग मीटिंग में 92.07 मीटर का थ्रो करके एंडरसन पीटर्स को हराकर लेग जीता। पीटर्स 86.93 मीटर के थ्रो के साथ दूसरे और चेक गणराज्य के डेविड वेगनर 85.16 मीटर के थ्रो के साथ तीसरे स्थान पर रहे।
चोपड़ा ने ज्यूरिख डायमंड लीग छोड़ दी और इस सीजन में सिर्फ दो लेग्स में हिस्सा लिया। उन्हें इस महीने की शुरुआत में लॉजेन डायमंड लीग में एक्शन में देखा गया था, जहां वह रुमेश के बाद 88.05 मीटर दूर जैवलिन फेंककर दूसरे स्थान पर रहे थे।
इससे पहले चोपड़ा ने चोट से वापसी करते हुए दोहा डायमंड लीग में हिस्सा लिया था और 85.69 मीटर थ्रो के साथ चौथे स्थान पर रहे थे।
टोक्यो ओलंपिक 2020 में स्वर्ण और पेरिस ओलंपिक 2024 में रजत पदक जीतने वाले चोपड़ा ने हाल में ग्लासगो में संपन्न कॉमनवेल्थ गेम्स में 85.83 मीटर थ्रो के साथ दूसरे स्थान पर रहे थे। यहां भी उन्हें श्रीलंका के रुमेश ने पीछे छोड़ा था।
ग्लासगो कॉमनवेल्थ गेम्स के बाद नीरज ने अपने इंस्टाग्राम पर लिखा था, "कुछ थ्रो ऐसे होते हैं जो दूर तक जाते हैं, और फिर कुछ ऐसे पल होते हैं जो पूरी यात्रा का बोझ उठाते हैं। पिछले 10 महीनों ने मुझे ऐसे तरीकों से परखा है जिनकी मैंने कभी उम्मीद नहीं की थी।"
नीरज चोपड़ा की नजर अब 4 और 5 सितंबर को होने वाले ब्रसेल्स फाइनल पर होगी। इससे पहले 2022 में 88.44 मीटर थ्रो करके डायमंड लीग फाइनल जीता था और यह खिताब जीतने वाले पहले भारतीय बने थे।
--आईएएनएस
पीएके
