Aapka Rajasthan

एनडीए फिर जीतेगा प्रचंड बहुमत से चुनाव, अखिलेश यादव हार से भयभीत: अरविंद राजभर

लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि एसबीएसपी लगातार संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा।
 
एनडीए फिर जीतेगा प्रचंड बहुमत से चुनाव, अखिलेश यादव हार से भयभीत: अरविंद राजभर

लखनऊ, 1 जून (आईएएनएस)। सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (एसबीएसपी) के राष्ट्रीय महासचिव अरविंद राजभर ने 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी की तैयारियों के बारे में बात की। उन्होंने कहा कि एसबीएसपी लगातार संगठन को मजबूत करने और बूथ स्तर तक अपनी पकड़ मजबूत करने के लिए काम कर रही है। उन्होंने दावा किया कि आगामी चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) एक बार फिर प्रचंड बहुमत के साथ सत्ता में वापसी करेगा।

समाचार एजेंसी आईएएनएस से खास बातचीत में अरविंद राजभर ने कहा कि चुनाव अब नजदीक आ रहा है और राजनीतिक गलियारों में इस बात की भी चर्चा है कि चुनाव निर्धारित समय से पहले कराए जा सकते हैं। हालांकि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन संभावनाओं को देखते हुए उनकी पार्टी ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं।

इसी क्रम में पार्टी की राष्ट्रीय परिषद की बैठक बुलाई गई थी, जिसमें 34 विधानसभा सीटों पर चुनाव प्रभारी और सह-प्रभारी नियुक्त करने का फैसला किया गया। उन्होंने बताया कि पार्टी ने इन नियुक्तियों की आधिकारिक घोषणा भी कर दी है और संबंधित पदाधिकारियों की सूची सार्वजनिक कर दी गई है।

राजभर ने कहा कि उनकी पार्टी हमेशा बूथ स्तर तक संगठनात्मक कार्य करती है। ग्राम सभाओं में जन चौपाल आयोजित कर अति पिछड़ी, सर्वाधिक पिछड़ी जातियों, दलित, महादलित, वंचित समाज और अल्पसंख्यक समुदायों को संगठन से जोड़ने का लगातार प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसी रणनीति के तहत जातीय और सामाजिक समीकरणों को ध्यान में रखते हुए 34 सीटों पर प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नियुक्ति की गई है। उन्होंने कहा कि हमारी पार्टी एनडीए का हिस्सा है और गठबंधन में पार्टी को जितनी भी सीटें मिलेंगी, उन पर मजबूती से चुनाव लड़ने की तैयारी की जा रही है। उनका प्रयास रहेगा कि जिन नेताओं को प्रभारी और सह-प्रभारी बनाया गया है, वे अपने-अपने क्षेत्रों में संगठन को मजबूत करें और चुनावी लड़ाई को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएं।

विधानसभा चुनाव समय से पहले होने की संभावनाओं पर अरविंद राजभर ने कहा कि नियमों के अनुसार विधानसभा चुनाव निर्धारित समय से छह महीने पहले भी कराए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन सार्वजनिक चर्चा में यह मुद्दा लगातार बना हुआ है। इसी संदर्भ में उन्होंने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा लगाए गए उन आरोपों को खारिज किया, जिनमें कहा गया था कि एनडीए जनता के आक्रोश से डरकर समय से पहले चुनाव कराने की कोशिश कर सकती है।

राजभर ने कहा कि यदि कोई भयभीत है तो वह समाजवादी पार्टी है। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी जमीनी स्तर पर संगठनात्मक कार्य करने में विफल रही है और बूथ स्तर तक उसकी पकड़ कमजोर हुई है।

उन्होंने कहा कि एसबीएसपी और एनडीए के सहयोगी दल लगातार जनता के बीच जाकर काम कर रहे हैं, जबकि विपक्ष केवल बयानबाजी तक सीमित है। उन्होंने आगे कहा कि जनता के बीच यह धारणा बन रही है कि अखिलेश यादव की राजनीति सोशल मीडिया, प्रेस कॉन्फ्रेंस और वातानुकूलित कमरों तक सीमित रह गई है। उन्होंने दावा किया कि समाजवादी पार्टी का जमीनी जनाधार कमजोर हुआ है और यही कारण है कि वह चुनाव की संभावित समयसीमा को लेकर चिंतित दिखाई दे रही है।

अरविंद राजभर ने कहा कि चुनाव चाहे निर्धारित समय पर हों या उससे पहले, उत्तर प्रदेश की जनता एक बार फिर एनडीए गठबंधन पर भरोसा जताएगी। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं तथा गठबंधन दलों के संगठनात्मक कार्यों के आधार पर आगामी विधानसभा चुनाव में एनडीए को प्रचंड बहुमत प्राप्त होगा।

--आईएएनएस

पीआईएम/वीसी