Aapka Rajasthan

एनडीए नेताओं का सपा पर तंज, कहा-'तुष्टीकरण की राजनीति करती है समाजवादी पार्टी'

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सनातन धर्म, धार्मिक नारों और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं, मंत्री संजय निषाद ने वंचित वर्गों के विकास और सामाजिक न्याय को लेकर अपनी बात रखी।
 

लखनऊ, 22 नवंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में सनातन धर्म, धार्मिक नारों और राजनीतिक मुद्दों को लेकर सियासत तेज हो गई है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव और कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। वहीं, मंत्री संजय निषाद ने वंचित वर्गों के विकास और सामाजिक न्याय को लेकर अपनी बात रखी।

यूपी के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव पर हमला बोलते हुए कहा कि अगर उन्हें सनातन संस्कृति की थोड़ी भी समझ होती तो उनकी पार्टी की सरकार राम जन्मभूमि आंदोलन के दौरान रामभक्तों पर गोली चलाने का आदेश नहीं देती। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भगवान परशुराम का आशीर्वाद लेने अयोध्या जाते हैं और भगवान कृष्ण का आशीर्वाद लेने के लिए कृष्ण जन्मभूमि भी जाते हैं।

ब्रजेश पाठक ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी तुष्टीकरण की राजनीति करती है। उन्होंने सवाल उठाया कि 'राम-राम' और 'राधे-राधे' कहने से अखिलेश यादव का क्या लेना-देना है?

वैश्विक आर्थिक नीतियों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील को लेकर ब्रजेश पाठक ने कहा कि प्रधानमंत्री वैश्विक आर्थिक नीतियों को अच्छी तरह समझते हैं। उनका गहराई से अध्ययन करने के बाद ही देश के नागरिकों को मार्गदर्शन देते हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री के आह्वान का अनुसरण किया है और इस पहल से उत्तर प्रदेश को काफी लाभ हुआ है।

यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने धार्मिक नारों को लेकर विपक्ष पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब 'जय श्रीराम' का नारा लगता है तो कुछ लोगों को परेशानी होती है और अब 'राधे-राधे' के नारे से भी उन्हें दिक्कत हो रही है। मौर्य ने कहा कि 'राधे-राधे' केवल एक नारा नहीं बल्कि भक्ति प्रकट करने का माध्यम है।

उन्होंने कहा कि जब उन्होंने 'राधे-राधे, कमल खिलने दो' का नारा दिया तो विपक्ष ने इस पर ध्यान देने के बजाय कमल के मुरझाने की चिंता शुरू कर दी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि विपक्ष को यह दिखाई नहीं दिया कि उसकी अपनी साइकिल पंचर हो गई है।

केशव प्रसाद मौर्य ने कांग्रेस और समाजवादी पार्टी पर गरीबों, पिछड़ों और दलितों के हितों के खिलाफ काम करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस गरीबों की दुश्मन है जबकि समाजवादी पार्टी गरीबों, पिछड़े वर्गों और दलितों की विरोधी है। मौर्य ने दावा किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार बनने के बाद 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर आए हैं। उन्होंने इसे ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए कहा कि सत्ता का इस्तेमाल ईमानदारी और जिम्मेदारी से किया जाए तो बड़े बदलाव संभव हैं।

वहीं, मंत्री संजय निषाद ने कहा कि उनका लक्ष्य वंचित वर्गों को विकास के समान अवसर दिलाना है। उन्होंने कहा कि इन वर्गों ने सदियों से सामाजिक, आर्थिक और धार्मिक भेदभाव का सामना किया है। कुछ लोगों ने यह धारणा बना दी है कि गरीब हमेशा गरीब रहेंगे और अमीर ही लाभ उठाते रहेंगे। उन्होंने ऐसी सोच को बदलने और वंचितों को उनका अधिकार दिलाने की जरूरत पर जोर दिया।

संजय निषाद ने कहा कि हम एक गठबंधन भागीदार हैं। हम गठबंधन में कनिष्ठ भागीदार के रूप में शामिल हुए हैं, भाजपा वरिष्ठ भागीदार के रूप में हैं। भगवान राम ने निषाद राज को गले लगाया और उन्हें आमंत्रित किया। उन्होंने अतिथि के रूप में उनका स्वागत किया और राम राज्य अस्तित्व में आया। इस युग में, अगर मोदी और योगी ने निषाद राज के वंशजों को गले लगाया है, तो मैं 2018, 2019, 2020, 2021 और 2022 में चुनाव जीत चुका हूं।

--आईएएनएस

एसएके/पीएम