एनडीए नेताओं का ममता बनर्जी पर हमला, कहा-जनसमर्थन घटा तो कर रहीं सहानुभूति बटोरने की कोशिश
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के नेताओं ने पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की आलोचना की है। उनका कहना है कि उनकी पार्टी का जनसमर्थन कम हो रहा है, इसलिए वे चुनाव से पहले सहानुभूति हासिल करने की कोशिश कर रही हैं।
भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा कि पिछले पांच साल में पश्चिम बंगाल में सरकार का काम लोगों ने देख लिया है। अब जनता बदलाव चाहती है और ममता बनर्जी की पकड़ कमजोर हो रही है।
जदयू प्रवक्ता नीरज कुमार ने भी सवाल उठाते हुए कहा कि अगर एक मुख्यमंत्री ही डर का माहौल बनाएंगी तो आम लोगों का क्या होगा? उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने खतरे के बावजूद कभी डर नहीं दिखाया और देश के लिए काम करती रहीं।
भाजपा सांसद दामोदर अग्रवाल ने आरोप लगाया कि जब सरकार ठीक से काम नहीं कर पाती, तब नेता भावनात्मक मुद्दों का सहारा लेते हैं। उनके मुताबिक, जनता पहले ही बदलाव का मन बना चुकी है, इसलिए ऐसे बयान दिए जा रहे हैं।
इसी तरह, भाजपा सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा कि हर चुनाव में ममता बनर्जी किसी न किसी मुद्दे को उठाती हैं, लेकिन इस बार उनकी कोशिशें सफल नहीं होंगी।
उत्तर प्रदेश के मंत्री अनिल राजभर ने भी कहा कि ममता बनर्जी बिना वजह विवाद खड़ा कर रही हैं और अब वही लोग सम्मान की बात कर रहे हैं, जिन्होंने लंबे समय तक जनता को परेशान किया।
इससे पहले पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के “विक्टिम कार्ड” वाले बयान पर तीखा जवाब दिया। यह बयान 2021 के विधानसभा चुनाव के दौरान उनके पैर में लगी चोट से जुड़ा था। उन्होंने यह भी इशारा किया कि उनकी जान को खतरा हो सकता है।
पुरुलिया के मानबाजार में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की एक रैली में ममता बनर्जी ने अमित शाह की आलोचना की। उन्होंने सरकार के खिलाफ जारी चार्जशीट पर कहा, “आप कौन होते हैं चार्जशीट देने वाले? असली चार्जशीट तो आपके खिलाफ होनी चाहिए।”
इससे पहले अमित शाह ने कहा था कि ममता बनर्जी विक्टिम कार्ड की राजनीति कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कभी वे चोट लगने की बात करती हैं। कभी सिर पर पट्टी बांधती हैं, कभी बीमार पड़ती हैं और कभी चुनाव आयोग की आलोचना करती हैं। उनके अनुसार, अब बंगाल की जनता यह सब समझ चुकी है।
--आईएएनएस
वीसी
