एनसीआरटीसी भर्ती 2026: जूनियर मेंटेनर सहित 23 पदों पर 9 अक्टूबर तक करें आवेदन
नई दिल्ली, 11 सितंबर (आईएएनएस)। नौकरी की तलाश में जुटे युवाओं के लिए एक अच्छी खबर सामने आई है। दरअसल, राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (एनसीआरटीसी) ने अनुबंध के आधार पर सुपरवाइजर और नॉन-सुपरवाइजर के विभिन्न 23 पदों पर पात्र उम्मीदवारों की भर्ती के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी करके उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं।
एनसीआरटीसी की ओर से जारी 23 रिक्तियों में सुपरवाइजर-I (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) के 5, सुपरवाइजर-I (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) (फुल स्टैक डेवलपर) का 1, सुपरवाइजर-I (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) (फुल स्टैक डेवलपर) का 1, सुपरवाइजर-I (इन्फॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) (एएफसी और एनसीएमसी) (आईटीएमएस) का 1, सुपरवाइजर-I (कॉर्पोरेट हॉस्पिटैलिटी) का 1, सुपरवाइजर-I (कॉर्पोरेट कम्युनिकेशन्स) का 1, सुपरवाइजर-I (इलेक्ट्रिकल) के 2, सुपरवाइजर-I (सिविल) के 7, जूनियर मेंटेनर (इलेक्ट्रिकल) के 2 और जूनियर मेंटेनर (फिटर) के 2 पद शामिल हैं।
इन सभी पोस्ट के लिए ऑनलाइन माध्यम से आवेदन प्रक्रिया 10 सितंबर से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 9 अक्टूबर तक तय की गई है। ऐसे में इन पदों पर नियुक्त होने के लिए एप्लीकेशन फॉर्म भरने के इच्छुक उम्मीदवार एनसीआरटीसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर तय अंतिम तिथि की रात 11.55 बजे तक या उससे पहले अपनी रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया सफलतापूर्वक पूरी कर सकते हैं।
आवेदन करने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित विषय और क्षेत्र के अनुसार पूर्णकालिक 3 वर्ष का डिप्लोमा या बीसीए/बीएससी (आईटी) या बीई/बीटेक या एमसीए या इसके बराबर की योग्यता, ग्रेजुएट और पीजी डिग्री/पीजी डिप्लोमा, 3 वर्षीय डिप्लोमा, संबंधित ट्रेड में आईटीआई (एनसीवीटी/एससीवीटी) सर्टिफिकेट या इसके समकक्ष योग्यता होनी चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु सभी पोस्ट के लिए 28 वर्ष तय की गई है, जिसकी गणना 10 सितंबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि उम्मीदवारों की अधिकतम आयु सीमा, आयु में मिलने वाली सभी संभावित छूटों को मिलाकर 50 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन आवेदनों की जांच, कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी), चिकित्सा फिटनेस परीक्षा और दस्तावेज सत्यापन के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी पद के अनुसार 18,250 से 1,15,000 रुपए के बीच प्रति माह होगी। इसके अलावा, कैंडिडेट्स को अन्य लाभ और भत्ते भी दिए जाएंगे।
आवेदन पत्र भरते समय उम्मीदवारों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन माध्यम से करना होगा, जो जनरल/ओबीसी (एनसीएल)/ईडब्ल्यूएस और पूर्व सैनिक कैटेगरी के उम्मीदवारों के लिए 500 रुपए के साथ ट्रांजैक्शन प्रोसेसिंग चार्ज और लागू होने पर जीएसटी शामिल किया गया है। वहीं, एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी श्रेणी से आने वाले अभ्यर्थियों को रजिस्ट्रेशन फीस में छूट दी गई है।
--आईएएनएस
डीके/पीएम
