एनसीआर में पूरे हफ्ते सुहावना रहेगा मौसम, रोज हल्की बारिश के आसार; उमस करेगी परेशान
नई दिल्ली, 14 अगस्त (आईएएनएस)। दिल्ली समेत पूरे राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में आने वाले दिनों में मौसम का मिजाज सुहावना बने रहने की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक 14 से 19 अगस्त तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी और लगभग हर दिन हल्की बारिश के आसार हैं।
राहत की बात यह है कि इस अवधि में किसी भी दिन मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है। हालांकि, बारिश और बादलों के बीच बढ़ी हुई नमी के कारण लोगों को उमस का सामना करना पड़ सकता है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 14 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन सामान्य तौर पर बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश होने की संभावना है। हवा में नमी का स्तर अधिकतम 85 प्रतिशत और न्यूनतम 70 प्रतिशत तक रहने का अनुमान है।
15 अगस्त को भी मौसम का मिजाज लगभग ऐसा ही रहने वाला है। इस दिन अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 25 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश हो सकती है। हालांकि, इस दिन उमस ज्यादा परेशान कर सकती है, क्योंकि अधिकतम आर्द्रता 95 प्रतिशत और न्यूनतम आर्द्रता 85 प्रतिशत तक पहुंचने का अनुमान है।
16 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बादल छाए रहने के साथ हल्की बारिश का पूर्वानुमान है। 17 अगस्त को भी तापमान में ज्यादा बदलाव नहीं होगा। अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। आसमान सामान्य तौर पर बादलों से घिरा रहेगा और हल्की बारिश होने की संभावना बनी रहेगी।
18 अगस्त को अधिकतम तापमान थोड़ा कम होकर 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने इस दिन भी सामान्य रूप से बादल छाए रहने और हल्की बारिश के आसार जताए हैं। वहीं, 19 अगस्त को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 23 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। इस दिन भी बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश या बूंदाबांदी होने की संभावना है। आर्द्रता अधिकतम 85 प्रतिशत और न्यूनतम 70 प्रतिशत रहने का अनुमान है। इस दिन भी मौसम विभाग ने कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
दिल्ली- एनसीआर में बादलों की आवाजाही और रुक-रुककर होने वाली हल्की बारिश से लोगों को तेज गर्मी से राहत मिलने की संभावना है। तापमान 33 से 34 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने से दिन के समय भीषण गर्मी का असर सीमित रहने की उम्मीद है। हालांकि, वातावरण में नमी का स्तर लगातार ऊंचा रहने के कारण बारिश रुकने के बाद उमस और चिपचिपी गर्मी लोगों की परेशानी बढ़ा सकती है।
--आईएएनएस
पीकेटी/वीकेयू
