एनसीआर में अगले कुछ दिन बारिश की उम्मीद नहीं, मौसम रहेगा शुष्क; वायु गुणवत्ता 'यलो जोन' में पहुंची
नई दिल्ली, 30 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक, आने वाले दिनों में मौसम पूरी तरह से शुष्क बना रहेगा और आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। हालांकि, सुबह और शाम के समय लोगों को हल्की ठंड का एहसास हो रहा है, जो मौसम के धीरे-धीरे बदलने का संकेत है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 30 सितंबर से 5 अक्टूबर तक का मौसम लगभग एक जैसा रहेगा। 30 सितंबर को अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया जा सकता है, जबकि आर्द्रता 85 से 65 प्रतिशत के बीच रहेगी। 1 अक्टूबर से तापमान में मामूली बढ़ोतरी देखने को मिलेगी। 1 और 2 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 34 डिग्री और न्यूनतम 21 से 22 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
वहीं, 3 से 5 अक्टूबर तक न्यूनतम तापमान 22 से 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। पूरे सप्ताह आसमान मुख्यतः साफ रहेगा। मौसम साफ होते ही दिल्ली-एनसीआर की हवा की गुणवत्ता में गिरावट दर्ज की गई है। ताजा आंकड़ों के मुताबिक, दिल्ली का समग्र वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) अब 'यलो जोन' (मध्यम श्रेणी) में पहुंच गया है।
दिल्ली के विभिन्न इलाकों की बात करें तो आनंद विहार में एक्यूआई 105, अशोक विहार में 87, आया नगर में 79, बवाना में 114, बुराड़ी क्रॉसिंग में 111, कैंटोनमेंट एरिया में 105, चांदनी चौक में 116, कॉमनवेल्थ स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में 122 और सीआरआरआई मथुरा रोड में 138 दर्ज किया गया। नोएडा में भी हवा की गुणवत्ता मध्यम श्रेणी में बनी हुई है।
सेक्टर-125 में एक्यूआई 122, सेक्टर-62 में 107, सेक्टर-1 में 122 और सेक्टर-116 में 124 दर्ज किया गया। गाजियाबाद की बात करें तो यहां की हवा कुछ इलाकों में खराब श्रेणी में पहुंच गई है। गोविंदपुरम में एक्यूआई 39 (संतोषजनक) है, जबकि इंदिरापुरम में 100, लोनी में 151, संजय नगर में 111, वसुंधरा में 141 और वेव सिटी में 107 दर्ज किया गया। अगले कुछ दिनों तक दिल्ली-एनसीआर में बारिश की कोई संभावना नहीं है। मौसम शुष्क रहेगा और धूप खिली रहेगी। हालांकि, हवा की गुणवत्ता लगातार खराब होती जा रही है, जिसे देखते हुए लोगों को सतर्क रहने की जरूरत है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
