एनसीआर में अगले 7 दिनों तक बादलों की आवाजाही, 4–5 मई को तेज बारिश और हवाओं की चेतावनी
नोएडा, 1 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर ) में बीती रात मौसम में आए अचानक बदलाव के बाद अब लोगों को भीषण गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। मौसम विभाग द्वारा जारी ताजा रिपोर्ट के अनुसार, आने वाले लगभग एक सप्ताह तक आसमान में बादलों की आवाजाही बनी रहेगी, जिससे तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।
हालांकि, 4 और 5 मई को एक बार फिर मौसम करवट लेगा और तेज बारिश के साथ तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है।
जारी 7 दिनों के पूर्वानुमान के मुताबिक, 1 मई को न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम तापमान 34 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि मौसम मुख्यतः साफ रहने की बात कही गई है। 2 मई को तापमान 24 डिग्री से 35 डिग्री के बीच रहने का अनुमान है और आसमान साफ रहेगा। 3 मई को अधिकतम तापमान बढ़कर 36 डिग्री तक पहुंच सकता है, जबकि न्यूनतम तापमान 25 डिग्री रहेगा, इस दिन भी मौसम साफ रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 4 मई को महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेगा। इस दिन न्यूनतम तापमान 25 डिग्री और अधिकतम 37 डिग्री रहने का अनुमान है, वहीं “आंशिक रूप से बादल छाए रहने” के साथ एक या दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। 5 मई को भी यही स्थिति बनी रहेगी, जहां तापमान 25 डिग्री से 36 डिग्री के बीच रहेगा और तेज बारिश व हवाओं की संभावना है। 6 मई को भी मौसम लगभग ऐसा ही रहेगा, जिसमें न्यूनतम तापमान 24 डिग्री और अधिकतम 37 डिग्री रहने का अनुमान है, साथ ही बादल और हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी रहेगी।
मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि इस बदलाव के कारण गर्मी में अस्थायी राहत जरूर मिलेगी, लेकिन बीच-बीच में उमस भी बढ़ सकती है। लोगों को सलाह दी गई है कि वे मौसम के अचानक बदलाव को ध्यान में रखते हुए सतर्क रहें, खासकर 4 और 5 मई को संभावित तेज़ हवाओं और बारिश के दौरान बाहर निकलने से बचें।
एनसीआर में आने वाला सप्ताह मिश्रित मौसम का रहेगा, जहां साफ आसमान, बादल, बारिश और तेज हवाएं-सभी का अनुभव लोगों को होने वाला है।
--आईएएनएस
पीकेटी/एएस
