एनसीपीओआर में नौकरी पाने का सुनहरा मौका, 35 पदों के लिए इस तारीख से शुरू होंगे वॉक-इन इंटरव्यू
गोवा, 21 मार्च (आईएएनएस)। राष्ट्रीय ध्रुवीय और महासागरीय अनुसंधान केंद्र (एनसीपीओआर) में शामिल होने की इच्छा रखने वालों के लिए एक शानदार मौका सामने आया है। नेशनल सेंटर फॉर पोलर एंड ओशन रिसर्च (एनसीपीओआर), गोवा ने स्टेशन इलेक्ट्रिशियन समेत विभिन्न 35 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एनसीपीओआर ने जिन 35 पदों पर भर्ती निकाली है, उनमें खुदाई मशीन ऑपरेटर (डोजर, एक्सकेवेटर), बॉयलर ऑपरेटर और मैकेनिक/प्लंबर/फिटर, यात्रा सहायक, जनरेटर मैकेनिक/ऑपरेटर और स्टेशन इलेक्ट्रीशियन के 1-1 पद; क्रेन ऑपरेटर, वैज्ञानिक सहायक और इन्वेंटरी और स्टोर सहायक के 2-2 पद; वाहन इलेक्ट्रीशियन, वेल्डर, बढ़ई, पुरुष नर्स और रेडियो/वायरलेस ऑपरेटर के 3-3 पद; वाहन मैकेनिक के 4 और शेफ/कुक के 5 पद शामिल हैं।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन-इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन, मेडिकल एग्जामिनेशन और प्री-अंटार्कटिका स्नो आइस एक्लीमेशन ट्रेनिंग के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित उम्मीदवारों की सैलरी 60,909 से 81,212 रुपए के बीच प्रति महीने होगी।
एनसीपीओआर की ओर से जारी पदों के लिए जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार वॉक-इन-इंटरव्यू में शामिल होना चाहते हैं, उनके पास संबंधित पद के अनुसार ग्रेजुएशन की डिग्री और अनुभव या पद से संबंधित ट्रेड में आईटीआई/डिप्लोमा के साथ तय सालों का अनुभव होना चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता भी होनी आवश्यक है।
एनसीपीओआर की ओर से जारी पदों के लिए वॉक-इन-इंटरव्यू 28 अप्रैल से 1 मई तक 'पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय, पृथ्वी भवन, आईएमडी कैंपस, लोधी रोड, नई दिल्ली -110003' सेंटर पर सुबह 9 बजे से 11 बजे के बीच आयोजित की जाएगी। ऐसे में इंटरव्यू में शामिल होने वाले उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि वे इंटरव्यू केंद्र पर समय से पहुंचने के साथ याद से जरूरी डॉक्यूमेंट्स ले जाएं।
वहीं, भर्ती, चयन प्रक्रिया, योग्यता आदि से जुड़ी ज्यादा जानकारी के लिए अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर जारी विस्तृत अधिसूचना को चेक करने की सलाह दी जाती है।
--आईएएनएस
डीके/डीकेपी
