एनसीईआरटी की किताबों को भाजपा टूल के तौर पर इस्तेमाल कर रही है : सुरेंद्र राजपूत
लखनऊ, 25 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने एनसीईआरटी की किताबों का हवाला देते हुए भाजपा पर तंज कसा है।
लखनऊ में आईएएनएस से बातचीत में कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि एनसीईआरटी की किताबों को भाजपा के लोग एक टूल के रूप में इस्तेमाल कर रहे हैं। इतिहास को मिटा रहे हैं। यह अपने आप में सोचने वाली स्थिति है। कांग्रेस के नेताओं ने देश को आजाद कराया है। एनसीईआरटी की किताबों में लिखा जाना चाहिए कि तत्कालीन जनसंघ, हिंदू महासभा या आरएसएस ने आजादी के आंदोलन में भाग क्यों नहीं लिया। क्यों ये लोग अंग्रेजों से पेंशन लेते थे, क्यों अंग्रेजी सेनाओं में भारतीयों को भर्ती करने के लिए प्रेरित करते थे, और क्यों 'भारत छोड़ो आंदोलन' का विरोध करते थे। एनसीईआरटी की किताबों में यह लिखा जाएगा तो ज्यादा अच्छा है। समय आएगा तो यह भी लिखा जाएगा।
केरल का नाम केरलम किए जाने पर पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी के बयान पर कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने कहा कि यह भाजपा की दोहरी नीति का एक हिस्सा है। भाजपा को जवाब देना चाहिए कि चुनावी कारणों से आप केरल को 'केरलम' करने को तैयार हैं। लेकिन, पश्चिम बंगाल का नाम आप नहीं बदल रहे हैं। निश्चित तौर पर केंद्र सरकार को ममता बनर्जी के जायज सवालों का जवाब देना होगा।
शंकराचार्य के मामले पर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि हम धर्म और सनातन के साथ हैं। जो लोग बदनाम कर रहे हैं, उनके खिलाफ कांग्रेस जन जागरण अभियान चलाएगी। भाजपा सनातन विरोधी है।
उन्होंने कहा कि असम पूरी तरह से अराजकता की गिरफ्त में है। जंगलराज है, वहां एक भ्रष्ट है, जो सीएम पद पर है। राज्य सरकार का महिलाओं की सुरक्षा से कुछ भी लेना-देना नहीं है। उन्हें भ्रष्टाचार करना है। राहुल गांधी और मुसलमानों को टारगेट कर सत्ता पाना चाहते हैं।
पीएम मोदी के इजरायल दौरे को लेकर कांग्रेस प्रवक्ता ने कहा कि इजरायल के पीएम भारत का दौरा स्थगित कर देते हैं, और हमारे पीएम इजरायल जा रहे हैं। आखिर क्या करने जा रहे हैं? इजरायल के अमेरिका के साथ संबंध हैं। भारत-अमेरिका ट्रेड डील से व्यापारियों और किसानों के साथ दगा हुआ है। ट्रंप बार-बार कहते हैं कि ऑपरेशन सिंदूर उन्होंने रुकवाया। सरकार को बताना चाहिए कि आखिर ऑपरेशन सिंदूर क्यों रोका गया? हमारी सेना पीओके पर कब्जा करने के लिए तैयार थी।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम
