एनबीईएमएस भर्ती 2026: रिसर्च एसोसिएट के 30 पदों पर नौकरी का अवसर, इस तारीख को होंगे वॉक-इन इंटरव्यू
नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)। भारत सरकार के स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय के तहत स्थापित स्वायत्त संस्था नेशनल बोर्ड ऑफ एग्जामिनेशन्स इन मेडिकल साइंसेज (एनबीईएमएस) राष्ट्रीय स्तर पर आधुनिक चिकित्सा के क्षेत्र में उच्च स्तर की पोस्ट-ग्रेजुएट परीक्षाएं आयोजित करती है। एनबीईएमएस ने अपने बोर्ड में 30 पदों पर नियुक्ति के लिए एक ऑफिशियल नोटिफिकेशन जारी किया है।
एनबीईएमएस की ओर से जारी 30 रिक्तियों में रिसर्च एसोसिएट- I (मेडिकल) के 12, रिसर्च एसोसिएट- I (नॉन-मेडिकल) के 4, रिसर्च एसोसिएट- I (आईटी) के 2, रिसर्च एसोसिएट- II (फाइनेंस और अकाउंट्स) का 1, रिसर्च एसोसिएट- I (राजभाषा) के 2, रिसर्च एसोसिएट- I (प्रोक्योरमेंट) का 1, रिसर्च एसोसिएट- I (एस्टेट) का 1, रिसर्च एसोसिएट- I (ट्रैवल डेस्क) का 1, रिसर्च एसोसिएट- I (एस्टेब्लिशमेंट) के 2, रिसर्च एसोसिएट- I (एडिटोरियल) के 2, रिसर्च एसोसिएट-II (साइबर सिक्योरिटी) का 1 और रिसर्च एसोसिएट- I (सेक्रेटेरियल) का 1 पद शामिल है।
रिसर्च एसोसिएट के इन सभी पदों पर योग्य अभ्यर्थियों का चयन वॉक-इन इंटरव्यू, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन आदि चरणों के आधार पर किया जाएगा, जिसके बाद चयनित कैंडिडेट्स की सैलरी 50,000 से 95,000 रुपए के बीच प्रतिमाह होगी।
इंटरव्यू में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान या विश्वविद्यालय से पद से संबंधित क्षेत्र में एमबीबीएस/बैचलर ऑफ डेंटल सर्जरी (बीडीएस) या इसके समकक्ष; ग्रेजुएशन या उसके बराबर की डिग्री और किसी भी विषय में पोस्ट-ग्रेजुएशन या उसके बराबर की डिग्री, साथ ही कंप्यूटर की जानकारी; कंप्यूटर एप्लीकेशन/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी/कंप्यूटर साइंस/आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस/ऑपरेटिंग सिस्टम/सॉफ्टवेयर इंजीनियरिंग या इसके समकक्ष विषय में ग्रेजुएशन; आईसीएआई से क्वालिफाइड चार्टर्ड अकाउंटेंट या इसके बराबर, या सीएमए/सीएस या इसके बराबर, या एमकॉम या इसके बराबर की डिग्री; हिंदी में मास्टर डिग्री, जिसमें डिग्री स्तर या उसके समकक्ष स्तर पर अंग्रेजी एक अनिवार्य या वैकल्पिक विषय रही हो या परीक्षा का माध्यम रही हो; किसी भी विषय में ग्रेजुएशन; कंप्यूटर साइंस/साइबर सिक्योरिटी/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी या इसके बराबर में बीई/बीटेक या एमसीए/एमएससी (इलेक्ट्रॉनिक्स, फिजिक्स, अप्लाइड इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस/इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी या इसके बराबर) के साथ इंफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी के स्टैंडर्ड्स, नियमों और रेगुलेशंस की जानकारी, आदि होनी चाहिए। इसके अलावा कैंडिडेट्स के पास सभी पोस्ट के लिए निर्धारित 3 से 15 वर्षों का अनुभव प्रासंगिक क्षेत्र में होना चाहिए।
आवेदकों की अधिकतम आयु 40 से 45 वर्ष के बीच तय की गई है, जिसकी गणना इंटरव्यू का तारीख के हिसाब से की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी गई है।
वॉक-इन इंटरव्यू 25 जुलाई को रिसर्च एसोसिएट- I (मेडिकल) पद के लिए, 27 जुलाई को रिसर्च एसोसिएट- I (नॉन-मेडिकल), रिसर्च एसोसिएट-II (साइबर सिक्योरिटी), रिसर्च एसोसिएट- I (आईटी) और रिसर्च एसोसिएट-II (फाइनेंस और अकाउंट्स) पदों के लिए और 28 जुलाई को अन्य सभी पोस्ट के लिए 'एनबीईएमएस ऑफिस, सेक्टर-9, द्वारका डिस्ट्रिक्ट कोर्ट के सामने, द्वारका, नई दिल्ली - 110075 (सबसे नजदीकी मेट्रो स्टेशन - द्वारका सेक्टर 10)' पते पर आयोजित किए जाएंगे।
कैंडिडेट्स ध्यान दें कि इन पदों के लिए इंटरव्यू प्रक्रिया शुरू होने से पहले उम्मीदवारों का रजिस्ट्रेशन और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन किया जाएगा, जिसके लिए उम्मीदवारों को निर्धारित पते पर भरे हुए आवेदन पत्र की हार्ड कॉपी के साथ सभी संबंधित डॉक्यूमेंट्स की मूल और फोटोकॉपी के साथ जाना होगा। कैंडिडेट्स ध्यान दें कि केंद्र पर दोपहर 12 बजे के बाद किसी भी उम्मीदवार को अंदर आने की अनुमति नहीं दी जाएगी।
आवेदन पत्र डाउनलोड करने के लिए उम्मीदवार सबसे पहले एनबीईएमएस की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। पोर्टल पर जाने के बाद संबंधित पोस्ट के लिए जारी अधिसूचना लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद नोटिफिकेशन में दिए गए एप्लीकेशन फॉर्म को डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट निकाल लें। फिर फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें और याद से इंटरव्यू के दिन केंद्र पर ले जाएं।
--आईएएनएस
डीके/वीसी
