नए प्रकार के औद्योगीकरण को सशक्त बनाने के लिए 'एआई प्लस विनिर्माण' को बढ़ावा देगा चीन
बीजिंग, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। चीनी उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अनुसार, चीन विनिर्माण को मुख्य क्षेत्र और अनुप्रयोग-संचालित दृष्टिकोण को मुख्य धारा बनाकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता उद्योग के उच्च स्तरीय विकास को नए प्रकार के औद्योगीकरण को सशक्त बनाने के लिए आगे बढ़ाएगा।
जानकारी के अनुसार, उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने कृत्रिम बुद्धिमत्ता से नए प्रकार के औद्योगीकरण को सशक्त बनाने के लिए लगभग 30 कार्यक्रम आयोजित किए हैं, जिससे 5,000 से अधिक उद्यमों के लिए आपूर्ति और मांग के बीच तालमेल बिठाने में मदद मिली है।
पेइचिंग, चीनान-छिंगताओ सहित 18 राष्ट्रीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता नवाचार अनुप्रयोग अग्रणी क्षेत्रों की स्थापना को समर्थन दिया गया है, उद्योग जगत के साथ मिलकर कृत्रिम बुद्धिमत्ता से संबंधित लगभग 200 प्रमुख तकनीकी मानक विकसित किए गए हैं, और 60 अरब युआन का राष्ट्रीय कृत्रिम बुद्धिमत्ता उद्योग निवेश कोष स्थापित किया गया है।
उद्योग और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के उप मंत्री यू श्याओहुई ने कहा कि विनिर्माण कृत्रिम बुद्धिमत्ता के व्यावहारिक अनुप्रयोग का मुख्य क्षेत्र है, और पूर्ण औद्योगिक प्रणाली चीन के कृत्रिम बुद्धिमत्ता विकास का एक महत्वपूर्ण लाभ है। कच्चे माल, उपकरण निर्माण, उपभोक्ता वस्तुएं, इलेक्ट्रॉनिक सूचना जैसे प्रमुख क्षेत्रों पर ध्यान केंद्रित करते हुए, उच्च मूल्य वाले परिदृश्यों और विशिष्ट अनुप्रयोगों को तेजी से विकसित और प्रचारित किये जाने के साथ-साथ विशिष्ट बुद्धिमान एजेंटों की एक श्रृंखला तैयार की जानी चाहिए।
(साभार - चाइना मीडिया ग्रुप, पेइचिंग)
--आईएएनएस
डीकेपी/
