Aapka Rajasthan

नायरा एनर्जी ने घटाए पेट्रोल और डीजल के दाम, ग्राहकों ने दी मिली-जुली प्रतिक्रिया

नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। निजी ईंधन वितरक कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की है। कंपनी ने देशभर में अपने पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल के दाम 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर कम कर दिए हैं। कंपनी के इस फैसले पर ग्राहकों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है।
 

नई दिल्ली, 1 जुलाई (आईएएनएस)। निजी ईंधन वितरक कंपनी नायरा एनर्जी ने पेट्रोल और डीजल की कीमतों में बड़ी कटौती की है। कंपनी ने देशभर में अपने पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल के दाम 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल के दाम 3 रुपए प्रति लीटर कम कर दिए हैं। कंपनी के इस फैसले पर ग्राहकों ने मिली-जुली प्रतिक्रिया दी है।

गुजरात के राजकोट स्थित एक पेट्रोल पंप के मालिक किशोर पटेल ने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, "कंपनी ने अब पेट्रोल की कीमतों में 5 रुपए प्रति लीटर और डीजल की कीमतों में 3 रुपए प्रति लीटर की कमी की है। कंपनी की ओर से घोषित नई दरें बहुत अच्छी हैं। यह न सिर्फ हमारे लिए, बल्कि हमारे ग्राहकों के लिए भी है। यह एक स्वागत योग्य फैसला है, जिससे सभी को फायदा होगा।"

उन्होंने बताया कि गुजरात के राजकोट में अभी नायरा पेट्रोल पंपों पर पेट्रोल की कीमत 101.80 रुपए प्रति लीटर है, जबकि डीजल की कीमत 97.63 रुपए प्रति लीटर है। उन्होंने यह भी कहा कि कंपनी के फैसले के बाद ग्राहकों के साथ नायरा के पेट्रोल पंपों पर संख्या भी बढ़ेगी।

एक स्थानीय नागरिक ने कहा, "हमारी सरकार ने जनता के ऊपर कोई बोझ नहीं रखा है। दो महीने पहले मैं युद्ध के समय विदेश में था। वहां एक ही दिन में 26 रुपए प्रति लीटर का इजाफा हुआ है। दूसरे देशों में 41 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई थी, जबकि हमारे देश में सिर्फ 10 प्रतिशत तेल की कीमतें बढ़ी थीं।"

उन्होंने कहा कि इस निर्णय के बाद बिल्कुल कहा जा सकता है कि भारत जैसा कोई देश नहीं है। उन्होंने यह भी कहा कि जब से हमारे क्षेत्र में नायरा का पेट्रोल पंप खुला है, मैंने यहीं से तेल खरीदा है।

राजकोट एक युवती ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों को लेकर कहा, "पेट्रोल में 5 रुपए प्रति लीटर की कटौती की गई है। जो लोग रोजाना वाहनों से सफर करते हैं, उनके लिए यह फैसला काफी अच्छा है। कीमतें कम होने से लोगों के पैसे की बचत होती है।" उन्होंने यह भी कहा कि जब तक देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं, युवाओं को कोई भी परेशानी नहीं होगी।

सूरत के लोगों ने भी नायरा के पेट्रोल-डीजल की कीमतों में कटौती के फैसले पर प्रतिक्रिया दी। ग्राहक कमलेश मोदी ने कहा, "इसका फैसले का कोई मतलब नहीं है, क्योंकि इंडियन ऑयल के पेट्रोल पंप पर कीमतें पहले से ही कम हैं। वहां पेट्रोल की कीमत अभी भी 97.50 के आसपास है।"

उन्होंने कहा कि नायरा और अन्य कंपनियों के तेल की कीमत जब समान होगी तो कोई भी व्यक्ति कहीं से भी पेट्रोल ले सकता है। ये जरूरी नहीं है कि वह नायरा के पेट्रोल पंप पर जाएगा।

ग्राहक रवि अय्यर ने कहा, "मैं नियमित रूप से नायरा के पेट्रोल पंप से ही तेल भरवाता हूं। आज कीमतों में कटौती हुई है, जिसका हम स्वागत करते हैं।" वहीं, ग्राहक रविकांत खेरडिया ने कहा, "नायरा के पेट्रोल पंपों पर तेल की कीमतें अन्य कंपनियों के मुकाबले पहले अधिक थीं। अभी नायरा ने कीमतें कम करके अन्य कंपनियों के बराबर रेट रखा है। यह जनता के लिए अच्छी बात है।"

--आईएएनएस

डीसीएच/