नक्सलवाद नहीं, कांग्रेस पार्टी देश में आजादी लाई: अमरिंदर सिंह राजा वडिंग
नई दिल्ली, 30 मार्च (आईएएनएस)। पंजाब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के नक्सलवाद वाले बयान पर पलटवार किया। उन्होंने तंज कसते हुए पूछा कि कांग्रेस देश में आजादी लाई; देश के लिए भाजपा ने क्या किया?
लोकसभा में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने नक्सलवाद को लेकर कहा कि नक्सलवाद को कांग्रेस ने पाला पोसा था और हम इसे खत्म कर रहे हैं।
इस पर प्रतिक्रिया देते हुए अमरिंदर सिंह राजा वडिंग ने कहा कि कांग्रेस इस देश में आजादी लेकर आई, आपने इस देश के लिए अपनी सबसे छोटी उंगली भी नहीं कटवाई, और कांग्रेस पार्टी ने शहादतें दीं, और खासकर गांधी परिवार ने अपने लोगों को इस देश के लिए कुर्बान किया है। उनके लिए ऐसी टीका टिप्पणी करना गृह मंत्री साहब के लिए अच्छी बात नहीं है। दुनिया जानती है कि नक्सलवाद खत्म हुआ है या नहीं है; सिर्फ आंकड़े देने से क्या होता है? देश के हालात दुनिया जानती है; भाषण देना, यह तो भाजपा इसमें माहिर है। प्रचार प्रसार करने में भाजपा के लोग बहुत माहिर हैं।
उन्होंने कहा कि मुझे लगता है कि गृह मंत्री यह कह सकते हैं कि नक्सलवाद को खत्म करने के लिए कोशिश की हैं, लेकिन किसी सरकार पर इल्जाम लगाना ठीक नहीं है। यह गलत बात है।
बताते चलें कि लोकसभा में गृह मंत्री अमित शाह ने कहा कि आज बस्तर से नक्सलवाद लगभग समाप्त हो चुका है। बस्तर के हर गांव में स्कूल बनाने की मुहिम चली। बस्तर के हर गांव में राशन की दुकान खोलने की मुहिम चली। मैं इतना ही पूछना चाहता हूं, नक्सलवाद का जो लोग यहां पर वकालत कर रहे थे, ये 70 से अब तक क्यों नहीं मिला? 2014 में नरेंद्र मोदी की सरकार आने के बाद देश के हर गरीब को घर मिला, गैस मिला, शुद्ध पीने का पानी मिला, 5 लाख तक का स्वास्थ्य का बीमा मिला, प्रति व्यक्ति, प्रतिमाह 5 किलो मुफ्त अनाज मिला। लेकिन ये बस्तर वाले क्यों छूट गए थे? मैं इसलिए कह रहा हूं क्योंकि सत्य को झूठलाया जा रहा है। ये बस्तर वाले इसलिए छूट गए थे, क्योंकि वहां लाल आतंक की परछाई थी, इसलिए वहां विकास नहीं पहुंचा। मोदी सरकार में आज वो परछाई हट गई है, और इसलिए आज बस्तर विकसित हो रहा है।
--आईएएनएस
डीकेएम/डीएससी
