नवरात्रि पर मां पाटेश्वरी के दरबार पहुंचे सीएम योगी, खिलाड़ियों और मेधावी बच्चों को किया सम्मानित
बलरामपुर, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शारदीय नवरात्रि के प्रथम दिन रविवार को बलरामपुर के तुलसीपुर स्थित देवी शक्तिपीठ मां पाटेश्वरी मंदिर में दर्शन-पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर नवरात्रि और दशहरा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस दौरान उन्होंने राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया, स्कूली बच्चों को पठन-पाठन सामग्री वितरित की और कृषि मेले का शुभारंभ कर किसानों को कृषि यंत्र प्रदान किए।
गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने मां पाटेश्वरी के चरणों में शीश झुकाया, विधिवत पूजन-अर्चन किया और आरती उतारी। दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर पहुंचे श्रद्धालुओं का अभिवादन स्वीकार किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि के अवसर पर देश और प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से श्रद्धालु मां के दरबार में पहुंचते हैं। ऐसे में प्रशासन, पुलिस और मंदिर प्रबंधन से जुड़े लोग श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और स्वच्छता पर विशेष ध्यान दें। परिसर में किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या असुविधा नहीं होनी चाहिए।
मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में गायों को गुड़ और हरा चारा खिलाकर उनकी सेवा भी की। इस दौरान उन्होंने स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और संतों से मुलाकात की। महंत मिथिलेश नाथ योगी भी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री शनिवार को बलरामपुर पहुंचे थे, जहां उन्होंने विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद उन्होंने देवीपाटन मंदिर परिसर में रात्रि विश्राम किया।
मुख्यमंत्री ने विभिन्न राष्ट्रीय और राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं में पदक जीतने और प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कार तथा ट्रैकसूट प्रदान कर प्रोत्साहित किया। सम्मानित होने वालों में 36वीं नॉर्थ जोन जूनियर एथलेटिक्स प्रतियोगिता में लंबी कूद में प्रथम स्थान हासिल करने वाली कंचन शामिल रहीं। प्राची जैन को राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में रजत पदक जीतने, जबकि संध्या यादव और ममता को राज्य स्तरीय स्कूल गेम्स जूडो प्रतियोगिता में कांस्य पदक हासिल करने के लिए सम्मानित किया गया। इसके अलावा ताइक्वांडो प्रतियोगिताओं में उपलब्धि हासिल करने वाली पलक शुक्ला और अनाया गुप्ता को भी सम्मानित किया गया।
साची कश्यप, साक्षी सिंह और साक्षी सिद्धार्थ को 55वीं केंद्रीय विद्यालय संगठन राष्ट्रीय खेलकूद ताइक्वांडो प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने के लिए प्रोत्साहित किया गया। मुख्यमंत्री ने विभिन्न विद्यालयों के 12 बच्चों को आशीर्वाद पत्र और पठन-पाठन सामग्री वितरित की। इस दौरान उन्होंने देवी स्वरूपा बच्चियों को चुनरी पहनाकर सम्मानित किया तथा उन्हें स्टडी टेबल और चॉकलेट भेंट की। कार्यक्रम में बच्चों के प्रति मुख्यमंत्री का स्नेह और उन्हें शिक्षा के लिए प्रोत्साहित करने का भाव भी देखने को मिला।
प्राथमिक विद्यालय धर्मपुर की छात्राओं गायत्री, प्रिया और जयश्री ने मुख्यमंत्री को ग्रीटिंग कार्ड, पुष्पगुच्छ, स्वरचित कविता और पुस्तक भेंट की। कार्यक्रम का संचालन तान्या वाजपेयी ने किया। मुख्यमंत्री ने कृषि मेले का शुभारंभ करने के साथ कृषि उत्पादों और आधुनिक कृषि तकनीकों पर आधारित प्रदर्शनी का अवलोकन किया। उन्होंने किसानों को कृषि यंत्र प्रदान कर आधुनिक खेती को बढ़ावा देने और कृषि कार्यों को सुगम बनाने की दिशा में सरकार के प्रयासों को आगे बढ़ाया।
मुख्यमंत्री ने कस्टम हायरिंग सेंटर योजना के तहत जगनारायण और मोतीलाल यादव को चाबी प्रदान की। वहीं, सर्वेश्वर मणि तिवारी, दिलीप कुमार और हरीश कुमार को पावर स्प्रेयर दिए गए। कार्यक्रम के माध्यम से मुख्यमंत्री ने शिक्षा, खेल और कृषि को प्रोत्साहित करने के साथ नवरात्रि के अवसर पर धार्मिक आस्था और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में हिस्सा लिया।
--आईएएनएस
विकेटी/पीएम
