Aapka Rajasthan

नवरात्रि पर बचपन की यादों में खोईं आस्था, बोलीं-रोज मंदिर जाते थे, मेले में करते थे खरीदारी

मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री आस्था इन दिनों लोकप्रिय रोमांस टेलीविजन शो 'दिलों की रामलीला' में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने नवरात्रि के महत्व पर बात की और बताया कि उनके लिए यह त्योहार कितना महत्व रखता है और वह इसे किस तरह से मनाती हैं।
 

मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेत्री आस्था इन दिनों लोकप्रिय रोमांस टेलीविजन शो 'दिलों की रामलीला' में नजर आ रही हैं। अभिनेत्री ने नवरात्रि के महत्व पर बात की और बताया कि उनके लिए यह त्योहार कितना महत्व रखता है और वह इसे किस तरह से मनाती हैं।

अभिनेत्री आस्था ने आईएएनएस से बातचीत में अपने बचपन की यादों को ताजा किया। उन्होंने बताया कि बचपन में कन्या पूजन सबसे खास होता था। उन्होंने कहा, "जब मैं नवरात्रि के बारे में सोचती हूं, तो मुझे अपना बचपन याद आता है। इसमें हम लोग रोज सुबह मंदिर जाते थे। शिमला में मेरे घर के पास एक मशहूर काली मंदिर है और हम नवरात्रि में वहां जाते थे। वहां मेला भी लगता था और हम मेले से छोटी-मोटी चीजें खरीदते थे लेकिन मेरे लिए सबसे अच्छी बात कन्या पूजन थी। हम सभी दोस्त एक-दूसरे के घर जाते थे। यह सिर्फ लड़कियों तक ही सीमित नहीं था, पूजन के समय हमारे साथ मेरा भाई और दूसरे लड़के भी शामिल हुआ करते थे। हम पैसे इकट्ठा करते थे और फिर एक छोटी सी पार्टी करते थे। वह मेरे लिए सबसे अच्छी बात थी।"

अभिनेत्री ने बताया कि कन्या पूजन के मिले पैसों से वे और उनके दोस्त मिलकर पिज्जा पार्टी किया करते थे। अभिनेत्री ने यह भी माना कि टेलीविजन सभी त्योहारों को हर्षोल्लास के साथ मनाता है। उन्होंने कहा, "मैं घर से दूर रहती हूं लेकिन हम अपने सेट पर हर त्योहार का मजा ले लेते हैं।" अभिनेत्री से आईएएनएस ने सवाल किया, "अध्यात्म और आपके पेशेवर जीवन के बीच क्या संबंध है?"

इस पर आस्था ने कहा, "मैं भगवान में विश्वास करती हूं। मुझे लगता है कि एक शक्ति है जो आपको मार्गदर्शन देती है। हम भगवान से बहुत प्रार्थना करते हैं और हम अपनी आंतरिक आस्था को भी सुनते हैं। जब पेशेवर जीवन की बात आती है, तो मुझे लगता है कि कड़ी मेहनत बहुत मायने रखती है। भगवान आपका मार्गदर्शन कर सकते हैं लेकिन आपको भी मेहनत करनी पड़ती है। अगर आप कड़ी मेहनत नहीं करेंगे, तो आप क्या उम्मीद कर सकते हैं?किस्मत भी बहुत मायने रखती है और मैं इससे इनकार नहीं करूंगी। इसलिए, मेरा मानना है कि कड़ी मेहनत, किस्मत और आस्था सभी की भूमिका होती है।"

--आईएएनएस

एनएस/पीएम