नवी मुंबई: प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति की हत्या, शव टुकड़े कर फेंका, 11 महीने बाद खुला राज
नवी मुंबई, 14 जुलाई (आईएएनएस)। नवी मुंबई के ऐरोली इलाके से एक सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ है। प्रेम संबंध में बाधा बन रहे पति की हत्या कर पत्नी ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर शव के तीन टुकड़े कर दिए और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया। करीब 11 महीने तक यह वारदात छिपी रही, लेकिन रबाले एमआईडीसी पुलिस ने मामले की गुत्थी सुलझाते हुए दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने सुनीता कुशवाह (40) और उसके प्रेमी राहुल दशरथ प्रजापति (30) को गिरफ्तार किया है। मृतक की पहचान बलीराम सूर्यनाथ कुशवाह (50) के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार बलीराम कुशवाह ऐरोली के यादव नगर क्षेत्र में पत्नी और दो बच्चों के साथ रहते थे। इसी दौरान सुनीता के घणसोली निवासी ऑटो रिक्शा चालक राहुल प्रजापति के साथ प्रेम संबंध बन गए। बलीराम इस रिश्ते का लगातार विरोध कर रहे थे, जिससे नाराज होकर सुनीता और राहुल ने उन्हें रास्ते से हटाने की साजिश रची।
आरोप है कि दोनों ने मिलकर बलीराम की हत्या कर दी। हत्या के बाद पहचान छिपाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए शव के तीन टुकड़े किए गए और उन्हें अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया गया। इसके बाद दोनों सामान्य जीवन जीते रहे और किसी को भी घटना की भनक नहीं लगने दी।
मामले का खुलासा तब हुआ, जब घटना के करीब आठ महीने बाद बलीराम का भाई गांव से नवी मुंबई पहुंचा। लंबे समय से भाई का कोई पता नहीं चलने पर उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की और परिवार के लोगों से पूछताछ की।
जांच के दौरान पुलिस को सुनीता और राहुल पर संदेह हुआ। दोनों को हिरासत में लेकर अलग-अलग पूछताछ की गई। पूछताछ में दोनों के बयानों में विरोधाभास सामने आया। इसके बाद सख्ती से पूछताछ करने पर दोनों ने हत्या की साजिश और वारदात को अंजाम देने की बात स्वीकार कर ली।
--आईएएनएस
एएमटी/वीसी
