नवी मुंबई पुलिस लॉकअप में आरोपी की मौत से हड़कंप, न्यायिक जांच के आदेश
नवी मुंबई, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय विमानतल पुलिस थाने के एक मामले में गिरफ्तार आरोपी की लॉकअप में मौत हो गई है। घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है और मामले की न्यायिक जांच शुरू कर दी गई है।
मृतक की पहचान संजय कंटू यादव, उम्र 38 वर्ष, निवासी अनंता टॉवर, उलवे, नवी मुंबई के रूप में हुई है। वह मूल रूप से जिला वाराणसी, उत्तर प्रदेश का रहने वाला था।
पुलिस के अनुसार, आरोपी को नवी मुंबई अंतरराष्ट्रीय विमानतल पुलिस थाने में दर्ज क्राइम रजिस्टर नंबर 18/2026, भारतीय न्याय संहिता की धारा 303(2), 3(5) के तहत 4 अक्टूबर 2026 को सुबह 03.33 बजे गिरफ्तार किया गया था।
गिरफ्तारी से पहले नियमानुसार पनवेल ग्रामीण रुग्णालय में उसकी मेडिकल जांच कराई गई थी।
गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट में पेश किया गया था, जहां अदालत ने पहले 4 अक्टूबर से 6 अक्टूबर तक और फिर 6 अक्टूबर से 8 अक्टूबर तक पुलिस कस्टडी रिमांड मंजूर किया था।
पुलिस का दावा है कि रिमांड के लिए कोर्ट में पेश करते समय आरोपी ने किसी भी तरह की प्रताड़ना या मारपीट की शिकायत नहीं की थी। साथ ही मेडिकल जांच के दौरान भी उसने स्वास्थ्य को लेकर कोई शिकायत या पहले की किसी बीमारी का इतिहास नहीं बताया था।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी को एन.आर.आई. सागरी पुलिस थाने के लॉकअप में रखा गया था।
लॉकअप में ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने देखा कि आरोपी अचानक हाथों की मुट्ठियां बंद करके हाथ-पैर टेढ़े-मेढ़े करने लगा। उसकी हालत बिगड़ती देख तुरंत थाने के अमलदार की मदद से उसे उपचार के लिए मीनाताई ठाकरे रुग्णालय, नेरुल ले जाया गया।
अस्पताल में उसे 8 अक्टूबर को रात 12.50 बजे भर्ती किया गया, लेकिन उपचार के दौरान रात 01.36 बजे चिकित्सा अधिकारी डॉ. रामदास आंबुर्डे ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आकस्मिक मृत्यु (एकेडी) का मामला दर्ज कर लिया है। नियमानुसार इस मामले में मजिस्ट्रेट जांच और पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
--आईएएनएस
एससीएच
