नवी मुंबई में एसीबी की बड़ी कार्रवाई, 6.37 लाख रिश्वत लेते अधिकारी गिरफ्तार
मुंबई, 5 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत रविवार को एक बड़ी कार्रवाई सामने आई है। एंटी-करप्शन ब्यूरो की टीम ने भ्रष्टाचार के एक मामले में अर्थ एवं नियोजन विभाग के कक्ष अधिकारी विलास लाड को 6 लाख 37 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया।
एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) की टीम ने नवी मुंबई के खारघर इलाके में यह कार्रवाई की। एसीबी की इस कार्रवाई के बाद मंत्रालय में हड़कंप मच गया है।
एंटी करप्शन ब्यूरो की ओर से रविवार को मिली जानकारी के अनुसार, मामला ग्रामविकास विभाग से जुड़े फंड की मंजूरी से संबंधित है। आरोप है कि विलास लाड ने एक शिकायतकर्ता से फंड को मंजूरी दिलाने के बदले मोटी रकम की मांग की थी। शिकायतकर्ता ने जब इस संबंध में एसीबी से संपर्क किया, तो एजेंसी ने प्राथमिक जांच कर आरोपों की पुष्टि की। इसके बाद एसीबी ने योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। तय योजना के तहत खारघर में कार्रवाई की गई, जहां जैसे ही आरोपी अधिकारी ने 6.37 लाख रुपए की रिश्वत स्वीकार की, टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।
एसीबी ने आगे बताया कि टीम ने इस कार्रवाई को बेहद सटीक और गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया, जिससे आरोपी को संभलने का मौका तक नहीं मिल सका।
गौरतलब है कि मंत्रालय से जुड़े कार्यों में खुलेआम रिश्वत लेने का यह हालिया दूसरा बड़ा मामला है, जिसने सरकारी कामकाज की पारदर्शिता पर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार सामने आ रहे ऐसे मामलों से आम जनता का भरोसा भी प्रभावित हो रहा है।
प्रदेश के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस पहले ही मंत्रालय में भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त रुख अपनाने के निर्देश दे चुके हैं। माना जा रहा है कि यह कार्रवाई उसी सख्त नीति और मुहिम का हिस्सा है, जिसके तहत भ्रष्ट अधिकारियों पर लगातार शिकंजा कसा जा रहा है।
--आईएएनएस
पीएसके
