Aapka Rajasthan

नवीन पटनायक ने गंजाम में बाढ़ को लेकर सीएम को लिखा पत्र, सरकार को 'मानव-निर्मित संकट' के लिए ठहराया जिम्मेदार

भुवनेश्वर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर बाढ़ प्रभावित गंजाम जिले के लिए तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग की। साथ ही, उन्होंने इस मानव निर्मित संकट के दौरान हुई चूक के लिए जवाबदेही तय करने की भी मांग की।
 

भुवनेश्वर, 10 नवंबर (आईएएनएस)। ओडिशा विधानसभा में विपक्ष के नेता और बीजद अध्यक्ष नवीन पटनायक ने मंगलवार को मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी को पत्र लिखकर बाढ़ प्रभावित गंजाम जिले के लिए तत्काल राहत और पुनर्वास की मांग की। साथ ही, उन्होंने इस मानव निर्मित संकट के दौरान हुई चूक के लिए जवाबदेही तय करने की भी मांग की।

पत्र में पटनायक ने बताया कि 7 नवंबर को उन्होंने हिंजिली, शेरगडा, अस्का और सोराडा के बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरा किया। वहां उन्होंने किसानों, महिलाओं, छोटे व्यापारियों और अन्य लोगों से बातचीत की, जिन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है। उन्होंने कहा कि बाढ़ से बुनियादी ढांचे को भारी नुकसान पहुंचा है, फसलों की बड़े पैमाने पर बर्बादी हुई है, लोगों की जान गई है और आजीविका नष्ट हो गई है। उन्होंने कहा कि इस आपदा ने गंजाम को कई साल पीछे धकेल दिया है।

पटनायक ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार ने 23 अक्टूबर को भारतीय मौसम विज्ञान विभाग द्वारा जारी की गई शुरुआती चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। उन्होंने कहा कि चक्रवात और बाढ़ प्रबंधन के लिए तय नियमों के अनुसार, बारिश से पहले बांधों से पर्याप्त मात्रा में पानी छोड़ दिया जाना चाहिए और बांधों के जलस्तर की चौबीसों घंटे निगरानी की जानी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि गंजाम में जल संसाधन विभाग ने चक्रवाती बारिश शुरू होने के बाद पानी छोड़ा, जिससे बाढ़ की स्थिति और भी गंभीर हो गई। उन्होंने यह भी बताया कि लोगों की शिकायत है कि बांध के गेट खोलने से पहले उन्हें कोई चेतावनी नहीं दी गई थी।

उन्होंने आगे दावा किया कि पहले से चेतावनी मिलने के बावजूद सरकार पूरी तरह से तैयार नहीं थी। आमतौर पर चक्रवात के लैंडफॉल (तट से टकराने) के दाईं ओर भारी बारिश की आशंका रहती है और सरकार ने खुद ही यह स्वीकार किया है कि गंजाम के लिए पर्याप्त तैयारियां नहीं थीं। उन्होंने कहा कि बचाव और राहत कार्यों में देरी हुई, जिसके कारण लोग कई दिनों तक बिना भोजन और पानी के फंसे रहे।

पटनायक ने बताया कि अपने दौरे के दौरान उन्हें जो शिकायतें और मांगें मिली थीं, उन्हें उन्होंने तत्काल कार्रवाई के लिए 'विशेष राहत आयुक्त' को भेज दिया है। उन्होंने सरकार से आग्रह किया कि समय पर मुआवजा सुनिश्चित करने के लिए वह पूरी सरकार के स्तर पर मिलकर काम करे। उन्होंने कहा कि केवल जुबानी जमा-खर्च से काम नहीं चलेगा।

बीजेडी प्रमुख ने यह भी कहा कि पिछली बीजेडी सरकार ने आपदा प्रबंधन की एक ऐसी व्यवस्था बनाई थी जो समुदाय पर आधारित थी और जिसे वैश्विक स्तर पर सराहा गया था। इस व्यवस्था में सरपंचों, पीआरआई (पंचायती राज संस्था) सदस्यों और 'मिशन शक्ति' समूहों ने अहम भूमिका निभाई थी। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार द्वारा सरपंचों की अनदेखी करने और 'मिशन शक्ति' को लगभग बंद कर देने से यह कमजोर हो गया है। गंजाम, केंद्रपाड़ा, जाजपुर, भद्रक और बालेश्वर में आपदाओं के दौरान बार-बार कुप्रबंधन का हवाला देते हुए पटनायक ने सरकार से जिम्मेदारी लेने और जवाबदेही तय करने को कहा। उन्होंने कहा कि बीजेडी के 24 वर्षों के शासन में जो प्रगति हुई है, उसे डबल इंजन सरकार द्वारा 24 महीनों में बर्बाद नहीं होने दिया जाना चाहिए।

पटनायक ने कहा कि राहत और मुआवजे के मामले में सरकार की किसी भी लापरवाही पर बीजेडी जनता की आवाज पल्ली (गांव) से लेकर दिल्ली तक उठाएगी।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम