नवादा पुलिस ने साइबर फ्रॉड के 10 अभियुक्तों को किया गिरफ्तार
नवादा, 20 मार्च (आईएएनएस)। नवादा पुलिस ने साइबर अपराध के एक बड़े मामले में 10 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है और एक किशोर को भी हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई की जानकारी नवादा पुलिस मुख्यालय में डीएसपी निशु मलिक ने प्रेस वार्ता के दौरान दी।
डीएसपी ने बताया कि 19 मार्च को दोपहर 12.20 बजे वारिसलीगंज थाने को सूचना मिली कि झौर स्थित गुर्गा फार्म के पास कुछ अपराधी साइबर फ्रॉड की गतिविधियों में लिप्त हैं। सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया गया और उनके निर्देश पर थानाध्यक्ष के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया।
गठित टीम ने घटनास्थल पर छापेमारी की। छापेमारी के दौरान पांच अभियुक्तों को झौर से गिरफ्तार किया गया जबकि छह अभियुक्तों को गोडापर गांव से पकड़ा गया। सभी अभियुक्तों की तलाशी लेने पर उनके पास से कुल 14 एंड्रॉयड मोबाइल और 9 पन्नों का कस्टमर डाटा शीट बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों को थाने लाया गया और उनसे सघन पूछताछ की गई। इस संबंध में वारिसलीगंज थाने में मामला दर्ज किया गया है।
जांच में सामने आया कि गिरफ्तार अभियुक्त बजाज फाइनेंस, रिलायंस फाइनेंस और अन्य कंपनियों के नाम का उपयोग कर लोगों को लुभाते थे। वे फेसबुक और अन्य माध्यमों से लोगों के नंबर प्राप्त कर फोन करते और किसी बैंक मैनेजर या अन्य स्टाफ बनकर लोगों का भरोसा जीतते। इसके बाद वे आधार कार्ड, पैन कार्ड और पासबुक जैसी महत्वपूर्ण जानकारियां मांगते और प्रोसेसिंग फीस के नाम पर लोगों से पैसे वसूलते थे।
अभियुक्तों ने अपने स्वीकारोक्ति बयान में अपने अपराधों को स्वीकार किया। गिरफ्तार अभियुक्तों में रोहित कुमार, शंभू कुमार, फंटुश कुमार, विकास कुमार, रोहित कुमार, रविरंजन कुमार, अमर कुमार, सुमित राज, लालू कुमार और चंदन कुमार शामिल हैं। इसके अलावा एक किशोर को भी हिरासत में लिया गया।
अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार अभियुक्तों को न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। इस कार्रवाई से साइबर अपराध और धोखाधड़ी के मामलों में पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कदम उठाने की प्रतिबद्धता जारी है।
--आईएएनएस
पीएम
