Aapka Rajasthan

नवादा: डीएम ने जिला स्तरीय समन्वय, राजस्व एवं तकनीकी विभागों की समीक्षा की

पटना, 19 सितंबर (आईएएनएस)। नवादा के जिला पदाधिकारी (डीएम) रवि प्रकाश की अध्यक्षता में शनिवार को डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय समन्वय, राजस्व एवं तकनीकी विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की पीपीटी के माध्यम से क्रमवार समीक्षा की गई।
 

पटना, 19 सितंबर (आईएएनएस)। नवादा के जिला पदाधिकारी (डीएम) रवि प्रकाश की अध्यक्षता में शनिवार को डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय समन्वय, राजस्व एवं तकनीकी विभागों की समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के कार्यों एवं योजनाओं की पीपीटी के माध्यम से क्रमवार समीक्षा की गई।

बैठक के प्रारंभ में सहयोग शिविर पोर्टल पर प्राप्त आवेदनों की समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को सभी प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित करने तथा निष्पादन संबंधी प्रतिवेदन पोर्टल पर अद्यतन करने का निर्देश दिया।

समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने हर घर नल का जल निश्चय के तहत छूटे टोलों/बसावटों में जलापूर्ति योजना के निर्माण हेतु अंचलाधिकारी गोविंदपुर, काशीचक, नारदीगंज, नवादा, नरहट एवं सिरदला को भूमि चिन्हित करने का निर्देश दिया। जिला के शहरी क्षेत्रों में शहरी हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर (यूएचडब्ल्यूसी) के नए भवन निर्माण हेतु अंचलाधिकारी वारिसलीगंज, हिसुआ एवं रजौली को भूमि चिन्हित कर प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया। नवादा जिलान्तर्गत काशीचक, नरहट, रोह एवं अकबरपुर प्रखंड में दुग्ध शीतक केंद्र (बीएमसी) की स्थापना के लिए 30 डिसमिल भूमि निशुल्क उपलब्ध कराने का निर्देश संबंधित अंचलाधिकारी को दिया गया।

बिहार स्टेट फूड एंड सिविल सप्लाई कॉरपोरेशन लिमिटेड के लिए नए गोदाम निर्माण के लिए भूमि चिन्हित कर विवरण उपलब्ध कराने के संबंध में अंचल अधिकारी, रजौली, अकबरपुर, गोविंदपुर, पकरीबरावां, सिरदला, काशीचक, रोह, नारदीगंज एवं मेसकौर से प्रतिवेदन देने का निर्देश दिया गया एवं जिन प्रखंडों में भूमि चिन्हित कर ली गई है, वहां जिला पदाधिकारी द्वारा सभी बीसीओ को निर्देश दिया गया कि सभी पैक्सों के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य प्रारंभ कराना सुनिश्चित करेंगे।

समीक्षा के क्रम में सदर अस्पताल नवादा में जलमीनार से पानी का बहाव एवं आंतरिक सड़क निर्माण के संबंध में सिविल सर्जन नवादा द्वारा विस्तृत रूप से बताया गया। जिला पदाधिकारी द्वारा कार्यपालक अभियंता नगर परिषद, नवादा को निर्देश दिया कि स्थलीय जांच कर समस्याओं का निराकरण करना सुनिश्चित करें।

कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान एग्रीस्टैक योजना के अंतर्गत लंबित फार्मर रजिस्ट्री का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश सभी अंचल अधिकारियों को दिया गया। साथ ही, कौआकोल, गोविंदपुर एवं नवादा सदर में ई-किसान भवन के निर्माण से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूर्ण कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराने का निर्देश दिया गया।

आईसीडीएस की समीक्षा के दौरान डीपीओ आईसीडीएस द्वारा बताया गया कि रजौली में वन स्टॉप सेंटर के निर्माण हेतु अंचलाधिकारी रजौली द्वारा एनओसी दे दिया गया है। वहीं, जिले में नए आंगनबाड़ी केंद्रों के निर्माण की प्रगति की समीक्षा करते हुए जिला पदाधिकारी ने निर्माण कार्यों को शीघ्र पूर्ण कराने का निर्देश जिला प्रोग्राम पदाधिकारी और आईसीडीएस को दिया।

दिव्यांगजन कोषांग की समीक्षा के क्रम में जिला पदाधिकारी ने पात्र दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता एवं पात्रता के अनुसार बैटरी चालित ट्राईसाइकिल सहित विभिन्न प्रकार के सहायक उपकरण उपलब्ध कराने के लिए व्यापक अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत सचिवों के माध्यम से पंचायत स्तर पर पात्र दिव्यांगजनों का चिन्हांकन एवं आवश्यकतानुसार सूची तैयार कराते हुए उन्हें सरकार द्वारा संचालित योजनाओं का समुचित लाभ उपलब्ध कराया जाए।

जिला पदाधिकारी ने निर्देश दिया कि इस संबंध में सभी जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित कर उन्हें योजनाओं एवं पात्रता संबंधी जानकारी उपलब्ध कराई जाए, ताकि जनप्रतिनिधियों के माध्यम से पंचायत एवं ग्रामीण स्तर पर अधिक से अधिक दिव्यांगजनों तक इसकी जानकारी पहुंचाई जा सके।

उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों के सहयोग एवं समन्वय से पात्र दिव्यांगजनों की पहचान कर उन्हें आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध कराने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने दिव्यांगजनों के लिए यूडीआईडी (विशिष्ट दिव्यांगता पहचान पत्र) कार्ड निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिया कि जिले के सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों पर यूडीआईडी कार्ड निर्माण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि दिव्यांगजनों को यूडीआईडी कार्ड बनवाने के लिए एक प्रखंड से दूसरे प्रखंड का अनावश्यक चक्कर नहीं लगाना पड़े।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि सभी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर यूडीआईडी कार्ड निर्माण की प्रक्रिया को सुचारू एवं सुलभ बनाया जाए तथा लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। जिन प्रखंडों में यूडीआईडी कार्ड निर्माण का कार्य निर्धारित रूप से नहीं किया जा रहा है, वहां संबंधित डाटा एंट्री ऑपरेटर की कार्यप्रणाली की समीक्षा करते हुए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।

बैठक में स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, श्रम, कल्याण, बाल संरक्षण, योजना, जीविका, पीएचईडी, भवन निर्माण एवं आपूर्ति सहित अन्य विभागों के कार्यों की भी विस्तृत समीक्षा की गई। जिला पदाधिकारी ने संबंधित पदाधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने तथा विभागीय योजनाओं का प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

बैठक में सिविल सर्जन नवादा, उप विकास आयुक्त, वन प्रमंडल पदाधिकारी, सहायक समाहर्त्ता, अपर समाहर्त्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, नवादा सदर, डीसीएलआर नवादा सदर, जिला परिवहन पदाधिकारी, गोपनीय शाखा प्रभारी, स्थापना प्रभारी, प्रभारी जिला सूचना एवं जनसंपर्क पदाधिकारी सहित सभी जिला स्तरीय पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी एवं सभी अंचल अधिकारी उपस्थित थे।

--आईएएनएस

डीके/डीकेपी