Aapka Rajasthan

नेशंस लीग में निराशाजनक प्रदर्शन का असर, इजरायल के हेड कोच शिमोन ने इस्तीफा दिया

यरूशलेम, 18 नवंबर (आईएएनएस)। इजरायल फुटबॉल टीम के हेड कोच रैन बेन शिमोन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इजरायल फुटबॉल एसोसिएशन (आईएफए) ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। यूईएफए नेशंस लीग में टीम का अभियान काफी निराशाजनक रहा था, जिसमें इजरायल लीग बी, ग्रुप 3 में सबसे निचले स्थान पर रहा।
 

यरूशलेम, 18 नवंबर (आईएएनएस)। इजरायल फुटबॉल टीम के हेड कोच रैन बेन शिमोन ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। इजरायल फुटबॉल एसोसिएशन (आईएफए) ने बुधवार को इसकी पुष्टि की। यूईएफए नेशंस लीग में टीम का अभियान काफी निराशाजनक रहा था, जिसमें इजरायल लीग बी, ग्रुप 3 में सबसे निचले स्थान पर रहा।

बेन शिमोन का इस्तीफा, मंगलवार को ऑस्ट्रिया के खिलाफ खेले गए ग्रुप चरण के आखिरी मैच के एक दिन बाद आया है, जो 1-1 से ड्रॉ रहा था। इजरायल ने अपने छह मुकाबलों के अभियान को चार अंकों के साथ समाप्त किया और वे ऑस्ट्रिया, रिपब्लिक ऑफ आयरलैंड और कोसोवो से पीछे रहे।

प्रतियोगिता के 2024/25 संस्करण में लीग ए में खेलने वाली इजरायली टीम को अब लीग बी में अपनी जगह बनाए रखने के लिए प्लेऑफ खेलना होगा। समाचार एजेंसी 'सिन्हुआ' की रिपोर्ट के अनुसार, इजरायली प्रसारक एन12 ने बताया कि 1965 के बाद यह पहली बार है जब राष्ट्रीय टीम किसी प्रतिस्पर्धी टूर्नामेंट के ग्रुप चरण में एक भी मैच नहीं जीत सकी। मई 2024 में राष्ट्रीय टीम की कमान संभालने वाले बेन शिमोन, इजरायल को 2026 फीफा विश्व कप के लिए क्वालीफाई कराने में भी असफल रहे।

अपने इस्तीफे के फैसले के बारे में बताते हुए, 55 वर्षीय कोच ने कहा कि टीम पर बने भारी दबाव के कारण उनके लिए अपनी जिम्मेदारियों को प्रभावी ढंग से निभाना मुश्किल हो गया था।

बेन शिमोन ने कहा, "हाल ही में कुछ ऐसी स्थितियां बनी हैं, जिनके कारण अब मैं अपनी भूमिका को ठीक से नहीं निभा पा रहा हूं। आयरलैंड के खिलाफ मिली करारी हार के बाद पैदा हुए भारी भावनात्मक दबाव और टीम को लेकर बने सार्वजनिक माहौल के कारण, मेरे लिए खिलाड़ियों को पेशेवर तरीके से तैयार करने पर ध्यान केंद्रित करना मुश्किल हो गया था।"

इजरायली मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, बराक बखार के हालिया इस्तीफे के बाद, बेन शिमोन के 'मकाबी हाइफा' के हेड कोच का पद संभालने की उम्मीद है।

अपने कोचिंग करियर के दौरान, बेन शिमोन ने साल 2017 से 2020 के बीच साइप्रस की राष्ट्रीय टीम को कोचिंग दी थी। इसके अलावा, उन्होंने साइप्रस के क्लब 'एईके लारनाका' और इजरायल के सात अलग-अलग क्लबों के साथ भी काम किया। बेन शिमोन ने सेंट्रल डिफेंडर के तौर पर 34 अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में इजराइल का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

--आईएएनएस

आरएसजी