नासिक सड़क हादसे पर सीएम फडणवीस ने जताया दुख, कहा- 'युवा जिंदगियों का जाना पीड़ादायक'
मुंबई, 4 अप्रैल (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक में दर्दनाक सड़क हादसे में 9 लोगों की मौत हो गई। मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने शनिवार को इस सड़क हादसे पर गहरा दुख व्यक्त किया।
दरअसल, नासिक के शिवाजीनगर इलाके में शुक्रवार रात करीब 10 बजे सड़क किनारे बने कुएं में कार गिरने से एक ही परिवार के 9 लोगों की मौत हो गई। मिली जानकारी के मुताबिक, शिवाजीनगर के राजे बैंक्वेट हॉल में वडजे क्लासेस की तरफ से एक मीटिंग रखी गई थी। मीटिंग के लिए इंदौर (ताल. डिंडोरी) से दरगोड़े परिवार आया था। मीटिंग के बाद दरगोड़े परिवार अपनी मारुति एक्सएल कार से घर लौट रहा था, तभी ड्राइवर का कंट्रोल खो गया, जिससे कार सड़क किनारे पानी से भरे कुएं में गिर गई।
सीएम फडणवीस ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण घटना है जिसमें एक टेम्पो अनियंत्रित होकर पलट गया। वाहन में महिलाओं और बच्चों समेत कई लोग सवार थे, जो एक खाई में जा गिरे। फडणवीस ने कहा कि युवा जिंदगियों का इस तरह चले जाना बेहद पीड़ादायक है।
उन्होंने बताया कि जल संसाधन मंत्री गिरीश महाजन ने उन्हें इस दुर्घटना की जानकारी दी। सीएम ने संकेत दिया कि दुर्घटना रास्ते के किनारे स्थित एक कुएं के कारण हुई प्रतीत होती है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की। उन्होंने प्रशासन को तुरंत राहत और बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। राज्य सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को उचित आर्थिक सहायता देने की घोषणा भी की गई।
इसके अलावा बारामती उपचुनाव को लेकर मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने एक महत्वपूर्ण अपील की। उन्होंने कहा कि मेरा मानना है कि सभी राजनीतिक दलों को सुनेत्रा पवार का समर्थन करना चाहिए। यदि यह चुनाव निर्विरोध संपन्न होता है तो यह महाराष्ट्र के लिए उचित होगा। फडणवीस ने याद दिलाया कि राज्य में पहले भी कई चुनाव निर्विरोध हो चुके हैं। उन्होंने राजनीतिक परंपराओं का हवाला देते हुए कहा कि स्वर्गीय अजीत पवार की पत्नी और वर्तमान उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के सम्मान में सभी दलों को सहमति बनानी चाहिए।
--आईएएनएस
एससीएच
