Aapka Rajasthan

नासिक में आदिवासी छात्रों से मिले राहुल गांधी, शिक्षा और छात्र कल्याण के मुद्दों पर सुनीं समस्याएं

नासिक, 2 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नासिक दौरे के दौरान आदिवासी छात्र-छात्राओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व मांगों को सुना। इस प्रतिनिधिमंडल में वे छात्र भी शामिल थे, जो अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।
 

नासिक, 2 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने महाराष्ट्र के नासिक दौरे के दौरान आदिवासी छात्र-छात्राओं के एक प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की और उनकी समस्याओं व मांगों को सुना। इस प्रतिनिधिमंडल में वे छात्र भी शामिल थे, जो अपनी मांगों को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हुए हैं।

राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने छात्रों की बात ध्यानपूर्वक सुनी और शिक्षा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्र को पढ़ाई के लिए सम्मानजनक, सुरक्षित और अनुकूल वातावरण मिलना उसका अधिकार है।

उन्होंने अपने संदेश में कहा, "हर छात्र को पढ़ाई के लिए एक सम्मानजनक, सुरक्षित और अनुकूल माहौल मिलना उसका हक है। वंचित समुदायों से आने वाले छात्रों को सिस्टम की अनदेखी नहीं, बल्कि उसके सहयोग और हर संभव मदद की जरूरत है। शिक्षा कोई विशेषाधिकार नहीं, बल्कि भारत के हर छात्र का अधिकार है।"

राहुल गांधी का यह संवाद ऐसे समय में हुआ है जब महाराष्ट्र के विभिन्न हिस्सों में आदिवासी छात्रावासों, आश्रम स्कूलों की शिक्षा व्यवस्था और छात्र कल्याण से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध प्रदर्शन और भूख हड़ताल चर्चा में हैं। माना जा रहा है कि छात्रों ने छात्रावास सुविधाओं, शिक्षा संसाधनों और कल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़ी मांगें राहुल गांधी के सामने रखीं।

राहुल गांधी नासिक में कांग्रेस के 'संगठन सृजन अभियान' के तहत आयोजित 10 दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण कार्यक्रम के समापन सत्र में शामिल होने पहुंचे। इस प्रशिक्षण शिविर में महाराष्ट्र के 78 नव-नियुक्त जिला और शहर कांग्रेस अध्यक्षों को संगठनात्मक प्रशिक्षण दिया गया।

अपने दौरे के दौरान राहुल गांधी पार्टी पदाधिकारियों को संबोधित करेंगे और "वैश्विक राजनीति और भारत" विषय पर भी अपने विचार रखेंगे। कार्यक्रम में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता और पदाधिकारी मौजूद हैं, जिनमें केसी वेणुगोपाल, हर्षवर्धन सपकाल, विजय वडेट्टीवार, बालासाहेब थोराट, सतेज (बंटी) पाटिल, नाना पटोले, माणिकराव ठाकरे, नसीम खान और अन्य नेता शामिल हैं।

यह पिछले करीब दो सप्ताह में राहुल गांधी का महाराष्ट्र का दूसरा दौरा है। इससे पहले उन्होंने पुणे में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में भाग लेकर शिक्षा और सामाजिक न्याय से जुड़े मुद्दों पर अपने विचार रखे थे।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी