Aapka Rajasthan

पंजाब: नशीले पदार्थों और अवैध हथियारों की तस्करी पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

अमृतसर, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब में अमृतसर पुलिस ने एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी में लिप्त थे। इस गिरोह से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 20 बोर की पिस्तौल भी बरामद की है। पंजाब पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर विस्तृत जानकारी दी है।
 

अमृतसर, 25 अगस्त (आईएएनएस)। पंजाब में अमृतसर पुलिस ने एक मॉड्यूल का भंडाफोड़ किया है, जो सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी में लिप्त थे। इस गिरोह से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से 20 बोर की पिस्तौल भी बरामद की है। पंजाब पुलिस ने अपनी इस कार्रवाई के बारे में सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर विस्तृत जानकारी दी है।

पुलिस के मुताबिक, पहले इस बारे में अमृतसर के लोपोके थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई थी। इसके बाद पुलिस ने इस कार्रवाई को शुरू किया। अब पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट चुकी है, जिसके तहत यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर इस मॉड्यूल में कितने लोग जुड़े हुए थे और इनकी भूमिका क्या थी।

पुलिस ने बताया कि हम यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि आखिर कैसे सीमा पार से हथियारों और नशीले पदार्थों की तस्करी हो जा रही थी। यह संभव कैसे हो पाया था। जरूर कहीं ना कहीं पर किसी ना किसी प्रकार की खामी रही है। इसी वजह से यह सब कुछ मुमकिन हो पाया है। पुलिस इस घटना से जुड़े इन्हीं सब बिंदुओं की पूरी पड़ताल कर रही है।

पुलिस ने कहा कि हम पंजाब को नशामुक्त बनाने की दिशा में पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं और इस दिशा में हरसंभव काम कर रहे हैं। पंजाब में नशा और अवैध हथियारों को प्रचारित करने की दिशा में जितने भी नेटवर्क जुड़े हुए हैं, उन सभी के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। हम यह सुनिश्चित कर रहे हैं कि इस नेवटर्क से जुड़े किसी भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करने में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। हमारा एकमात्र मकसद सिर्फ पंजाब को नशामुक्त बनाना है।

बता दें कि पंजाब पुलिस की ओर से लगातार इस तरह की कार्रवाई की जा रही है, जिसके सीमा पार से नशीले पदार्थों और हथियारों की तस्करी से जुड़े नेटवर्क को ध्वस्त किया जा रहा है।

इससे पहले, अमृतसर कमिश्नरेट पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए अवैध हथियारों और नशा तस्करी से जुड़े तीन अलग-अलग नेटवर्क का भंडाफोड़ किया था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया था। आरोपियों के कब्जे से नौ अवैध पिस्तौल और 6.311 किलोग्राम हेरोइन बरामद की गई थी।

--आईएएनएस

एसएचके/पीएम