नर्मदा परिक्रमा आस्था, साधना, सद्भाव और लोक कल्याण का आध्यात्मिक मार्ग : मोहन यादव
खंडवा, 24 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि नर्मदा परिक्रमा आस्था और साधना का मार्ग है। यह यात्रा सद्भाव और लोककल्याण का संदेश भी देती है। मुख्यमंत्री मोहन यादव कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर ओंकारेश्वर पहुंचे थे। वहां उन्होंने गौमुख घाट से शुरू हुई नर्मदा परिक्रमा में भाग लिया। यह यात्रा अवधूत सिद्ध महायोगी दादा गुरु के सानिध्य में शुरू हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों का सानिध्य मिलना हमारा सौभाग्य है। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं को नर्मदा परिक्रमा की शुभकामनाएं भी दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संतों के माध्यम से हमें साक्षात ईश्वर से संवाद का अवसर मिलता है। मां नर्मदा की परिक्रमा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि आस्था, साधना, सद्भाव और लोककल्याण का आध्यात्मिक मार्ग है। यह अवसर देव मार्ग पर चलने का सौभाग्य प्रदान करता है। उन्होंने कहा कि इस यात्रा से समाज में आपसी सद्भाव, समरसता और आध्यात्मिक चेतना का विस्तार होगा।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री यादव ने नर्मदा मैया की आरती और विधिवत पूजन-अर्चन किया तथा देश-प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली के लिए कामना की, मां नर्मदा को चुनरी ओढ़ाई और गौमुख घाट से परिक्रमा यात्रा में शामिल हुए। मुख्यमंत्री यादव ने कहा है कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संपूर्ण विश्व सनातन संस्कृति और उसके विराट वैभव से परिचित हुआ है।
स्वामी विवेकानंद ने लगभग 100 वर्ष पूर्व दुनिया को बता दिया था कि 21वीं शताब्दी भारत की होगी। आज भारत विश्व का सबसे युवा देश है और प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया को भारत की क्षमताओं का अहसास कराया है। तबके नरेंद्र (स्वामी विवेकानंद) से लेकर आज के नरेंद्र (प्रधानमंत्री मोदी) तक की भारत की यात्रा निश्चित रूप से यह प्रमाणित करती है कि यह सदी हमारी है।
मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार की सनातन संस्कृति और आध्यात्मिक परंपराओं के प्रति प्रतिबद्धता विभिन्न आयोजनों में स्पष्ट रूप से दिखाई देती है। हमारी सनातन परंपराएं समाज को जोड़ने और मानव कल्याण का संदेश देती हैं। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि नर्मदा का तट एक मठ के समान है। इसकी पवित्रता और स्वच्छता को बनाए रखना हम सबका कर्तव्य है। मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि इस संसार में कई यौनियों में विचरण के बाद मनुष्य जीवन प्राप्त होता है। हमने भगवान को नहीं देखा लेकिन उनकी सत्ता को हम सब अनुभव करते हैं। जैसे वायु और सूर्य के प्रकाश में मौजूद सप्त रंगों को कोई नकार नहीं सकता, वैसे ही ईश्वरीय शक्ति को भी नकारा नहीं जा सकता है।
दादा गुरु ने कहा कि ईश्वरीय भक्ति और साधना हमारे व्यक्तित्व का विकास करती है। मां नर्मदा के पथ में जीव जगत की उत्पत्ति के प्रमाण मिल रहे हैं। नर्मदा तट पर अनेक सभ्यताओं ने जन्म लिया। दुनिया नर्मदा मैया को भले ही नदी के रूप में देखे, लेकिन मां नर्मदा हमारे लिए जीवन, ज्ञान, आचार-विचार, विकास और व्यवस्था का आधार है। पूज्य दादा गुरु ने नर्मदा सेवा परिक्रमा के महातम्य में पर प्रकाश डालते हुए कहा कि परिक्रमा एक साधना है जिसके मूल में कल्याण की भावना निहित है।
--आईएएनएस
एसएनपी/वीसी
