नंदीग्राम का नतीजा बंगाल में कांग्रेस के लिए मील का पत्थर साबित होगा : प्रकाश जोशी
नंदीग्राम, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के पूर्वी मिदनापुर जिले के नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्र और मुर्शिदाबाद जिले के रेजीनगर विधानसभा क्षेत्र के उपचुनावों की मतगणना शुक्रवार सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। मतगणना केंद्र रेयापारा स्थित भूतनाथ प्रधान मेमोरियल बीएड कॉलेज में बनाया गया है। केंद्र के बाहर सुबह से ही कड़ी सुरक्षा व्यवस्था देखी जा रही है। इस बीच कांग्रेस ने जीत का दावा करते हुए भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए।
पश्चिम बंगाल कांग्रेस प्रभारी प्रकाश जोशी ने आईएएनएस से बातचीत में सुवेंदु सरकार और स्थानीय प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि रेजीनगर और नंदीग्राम, दोनों उपचुनावों की घोषणा के बाद से ही सरकार का रवैया पक्षपातपूर्ण रहा है।
प्रकाश जोशी ने कहा, "जब से ये दो चुनाव, रेजीनगर और नंदीग्राम के चुनाव घोषित हुए, तब से जिस तरह का रवैया सरकार का रहा और खासकर सीएम सुवेंदु अधिकारी का रवैया रहा, वह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण था। मतदान के दिन और उससे पहले प्रचार के दौरान कांग्रेस के प्रचार वाहनों में तोड़फोड़ की गई। कांग्रेस कार्यकर्ताओं पर झूठे मुकदमे दर्ज किए गए। उन्हें प्रताड़ित किया गया और खुलेआम धमकाया गया। यह सब भाजपा के गुंडों के साथ-साथ पुलिस प्रशासन द्वारा भी किया गया।"
उन्होंने आगे कहा कि यह सब दर्शाता है कि सीएम सुवेंदु अधिकारी चुनाव परिणाम को लेकर खुद घबराए हुए थे। मतदान के दिन तो सारी हदें पार कर दी गईं और खुलेआम बूथ कैप्चरिंग जैसी घटनाएं हुईं।
हालांकि, इन सभी आरोपों के बावजूद कांग्रेस को चुनाव परिणाम को लेकर पूरी उम्मीद है। प्रकाश जोशी ने कहा, "हमें पूरा विश्वास है कि आज का चुनाव परिणाम बंगाल में कांग्रेस को दोबारा खड़ा करने की दिशा में बहुत बड़ा कदम होगा। यह परिणाम यहां कांग्रेस को मजबूत करने की दिशा में एक नई शुरुआत होगी।"
वहीं, मुर्शिदाबाद में टीएमसी उम्मीदवार सफीउज्जमान शेख ने कहा, "वोटों की गिनती की प्रक्रिया में हमारी कोई खास भूमिका नहीं है। हमारे काउंटिंग एजेंट वहां मौजूद हैं और वे आखिर तक वहीं रहेंगे। इसलिए, यहां हमारी कोई खास भूमिका नहीं है। इसलिए, हम जा रहे हैं। भाजपा बढ़त बनाए हुए है। हालांकि, अभी कुछ कहा नहीं जा सकता।"
फिलहाल मतगणना जारी है और सभी की निगाहें नंदीग्राम और रेजीनगर के नतीजों पर टिकी हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/एबीएम
