Aapka Rajasthan

नाना पाटेकर के निधन पर गोवा के सीएम सावंत बोले- 'मेरे लिए व्यक्तिगत क्षति', देश के कई दिग्गज नेताओं ने भी जताया शोक

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि वे एक बहुत अच्छे कलाकार और बहुत अच्छे समाज-सेवक थे। प्रमोद सावंत ने कहा कि वे मेरे बहुत करीबी दोस्त भी थे, इसलिए यह मेरे लिए भी एक व्यक्तिगत नुकसान है। प्रमोद सावंत के अलावा, देश के कई दिग्गज नेताओं ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया है।
 

नई दिल्ली, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने कहा कि वे एक बहुत अच्छे कलाकार और बहुत अच्छे समाज-सेवक थे। प्रमोद सावंत ने कहा कि वे मेरे बहुत करीबी दोस्त भी थे, इसलिए यह मेरे लिए भी एक व्यक्तिगत नुकसान है। प्रमोद सावंत के अलावा, देश के कई दिग्गज नेताओं ने भी नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताया है।

गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने गुरुवार सुबह पत्रकारों से बात करते हुए कहा, "नाना पाटेकर का आज सुबह करीब 5.30 बजे गोवा में निधन हो गया। उन्हें एक प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मुझे बहुत दुख है। यह पूरे देश, महाराष्ट्र और गोवा के लिए एक बहुत बड़ी क्षति है। वे एक बहुत अच्छे कलाकार और बहुत अच्छे समाज-सेवक थे। वे मेरे बहुत करीबी दोस्त भी थे, इसलिए यह मेरे लिए भी एक व्यक्तिगत नुकसान है। फिल्म इंडस्ट्री में उनका योगदान बहुत बड़ा था।"

प्रमोद सावंत ने कहा कि नाना पाटेकर जब भी गोवा आते थे, मुझे फोन करके थे और कई बार वे मेरे आवास पर मिलने भी आए थे। उन्होंने कहा, "आज के इस अवसर पर मैं उनके परिवार के दुख में शामिल हूं। अभी नाना पाटेकर का पार्थिव शरीर गोवा में ही है। गोवा का प्रशासन परिवार के साथ संपर्क में है।"

नाना पाटेकर के निधन पर केंद्रीय मंत्री मुरलीधर मोहोल ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से कहा, "सुबह से ही हमें यह खबर मिल रही है कि नाना पाटेकर अब हमारे बीच नहीं रहे। उनका निधन सभी के लिए बहुत दुख की बात है। हिंदी, मराठी या अन्य भाषाएं हों, फिल्म इंडस्ट्री हो या अन्य कई क्षेत्र, नाना पाटेकर ने अहम योगदान दिया। एक महाराष्ट्रीयन होने के नाते, महाराष्ट्र के लोगों के लिए यह बात विशेष रूप से दुखद है।"

उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने एक्टर नाना पाटेकर के निधन पर कहा, "यह बहुत दुखद है। जब हम सभी को इस घटना की खबर मिली, तो हमें गहरा सदमा लगा। नाना पाटेकर का पूरा जीवन फिल्म इंडस्ट्री, भारत और भारतीय संस्कृति के लिए समर्पित था। उनकी एक्टिंग ने लोगों पर इतनी गहरी छाप छोड़ी कि समाज के हर वर्ग के लोगों ने उन्हें अपनाया और सराहा..."

दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने आईएएनएस से कहा, "फिल्म प्रेमियों समेत देश भर के लोग नाना पाटेकर के निधन से दुखी हैं। वे एक असाधारण कलाकार और अच्छे इंसान थे। उन्हें पढ़ने का बहुत शौक था। उनके गांव के घर, पुणे के घर और फार्महाउस को बहुत खूबसूरती से डिजाइन किया गया था, जो उनकी सोच को दर्शाता था। वे खुद खाना भी बनाते थे।"

उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि नाना पाटेकर का निधन दुखद घटना है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनके परिवार को दुख सहने की ताकत दें। अपनी तरफ से, अपनी पार्टी की तरफ से, प्रदेश वासियों की तरफ से हम श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं।

उत्तर प्रदेश सरकार में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल ने एक्टर नाना पाटेकर के निधन पर कहा, "दुखद समाचार है। नाना पाटेकर, भारत के ख्याति प्राप्त वो कलाकार थे, और उनके निधन से पूरा देश शोक में है। हम सब यहां पर काशी में हैं, बाबा विश्वनाथ से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें और परिवार को इस दुख को सहने की क्षमता दें।"

मंत्री दयाशंकर मिश्र ने कहा, "अपनी भूमिकाओं में खो जाना और उसको जीवंत बना देना नाना पाटेकर की सबसे बड़ी विशेषता थी। जितनी भूमिकाएं उन्होंने अपने जीवन में कीं, अपने करियर में की, वो सभी अविस्मरणीय हैं और देश सदा याद करेगा।"

मंत्री अनिल राजभर ने कहा, "हम लोग बाबा विश्वनाथ के धाम में खड़े हैं। मैं बाबा से वंदना करता हूं, प्रार्थना करता हूं कि भगवान उनकी आत्मा को शांति दे, अपने चरणों में स्थान दे और इतने बड़े दुख को सहने की उनके परिवार को ताकत दे। ये सिर्फ सिनेमा जगत की क्षति नहीं है, एक राष्ट्रभक्त गया है। देश के प्रति जो प्रेम उनके मन में था, जो समर्पण उनके अंदर देखने को मिलता था, वो हस सबको उनकी भूमिकाओं में, उनकी कला में भी दर्शन होता था।"

बिहार सरकार में मंत्री रामकृपाल यादव ने कहा, "नाना पाटेकर का निधन देश के लिए क्षति है, कलाकारों के लिए बड़ी क्षति है। फिल्मी दुनिया और नाट्यमंच से वो आगे यहां तक बढ़ पाए थे और बहुत अच्छे कलाकार थे। उनके कला, उनकी एक्टिंग की जितनी हम प्रशंसा करें वो कम होगा। समाज की विकृतियों को अपने कैरेक्टर के माध्यम से चिन्हित करते थे। हम उनके चरणों में श्रद्धासुमन अर्पित करते हैं। ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।"

अभिनेता नाना पाटेकर के निधन पर बिहार विधानसभा में विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव ने कहा, "हमें यह जानकारी मिली है और हमने खबर देखी है। हम उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हैं। वे एक महान कलाकार थे और उनके निधन से बॉलीवुड को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है। हम ईश्वर से प्रार्थना करते हैं कि उनकी आत्मा को शांति मिले।"

कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने एक्टर नाना पाटेकर के निधन पर कहा, "एक महान अभिनेता का जाना हुआ है और एक पूरे युग का अंत है। नाना पाटेकर जैसा कोई दूसरा पैदा नहीं हो सकता है। जैसे दिलीप कुमार जैसा कोई नहीं, वैसे ही नाना पाटेकर जैसा भी कोई नहीं।"

नाना पाटेकर के निधन पर शिवसेना नेता शाइना एनसी ने आईएएनएस से कहा, "भारत ने अपने बेहतरीन अभिनेताओं में से एक, नाना पाटेकर को खो दिया है। अपनी दमदार अदाकारी, संवाद अदायगी और ईमानदारी के लिए मशहूर नाना पाटेकर को पर्दे पर और पर्दे के बाहर हमेशा याद किया जाएगा।"

शाइना एनसी ने कहा, "लोग उन्हें पर्दे पर एक हीरो के तौर पर जानते हैं, लेकिन पर्दे के बाहर उनके योगदान ने उन्हें असल जिंदगी का हीरो बना दिया। किसानों और 'नाम फाउंडेशन' के लिए किए गए उनके कामों के लिए उन्हें हमेशा याद किया जाएगा। 'परिंदा' हो या 'क्रांतिवीर', उन्होंने शानदार अभिनय किया। उनकी मराठी फिल्म 'नटसम्राट' भी बेहतरीन फिल्मों में से एक है। चार दशकों का करियर एक लंबी पारी होती है।"

महाराष्ट्र के बडनेरा से विधायक रवि राणा ने कहा, "आज यह खबर सुनकर बहुत दुख हुआ कि दिग्गज कलाकार नाना पाटेकर का निधन हो गया है। वे अचानक हमें छोड़कर चले गए और हमारे दिलों में एक गहरी खाली जगह छोड़ गए। वे हिंदी और मराठी सिनेमा के एक बेहतरीन कलाकार थे और एक सरल, विनम्र इंसान थे जो सभी से गर्मजोशी से मिलते थे।"

--आईएएनएस

डीसीएच/