Aapka Rajasthan

नालासोपारा की हाउसिंग सोसायटी ने सौर ऊर्जा से दिखाई बचत की राह, बिजली बिल में करीब 90 प्रतिशत तक की कमी

नालासोपारा (महाराष्ट्र), 1 नवंबर (आईएएनएस)। बढ़ती बिजली दरों के बीच नालासोपारा ईस्ट स्थित सरस्वती हाइट्स हाउसिंग सोसायटी ने सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली खर्च में बड़ी बचत का दावा किया है। सोसायटी ने अपनी बिल्डिंग में 25 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित किया है, जिसके बाद मासिक बिजली बिल में करीब 90 प्रतिशत तक कमी आने की बात कही जा रही है।
 

नालासोपारा (महाराष्ट्र), 1 नवंबर (आईएएनएस)। बढ़ती बिजली दरों के बीच नालासोपारा ईस्ट स्थित सरस्वती हाइट्स हाउसिंग सोसायटी ने सौर ऊर्जा को अपनाकर बिजली खर्च में बड़ी बचत का दावा किया है। सोसायटी ने अपनी बिल्डिंग में 25 किलोवाट क्षमता का सोलर सिस्टम स्थापित किया है, जिसके बाद मासिक बिजली बिल में करीब 90 प्रतिशत तक कमी आने की बात कही जा रही है।

सोसायटी के निवासी प्रदीप मिश्रा ने बताया कि सोलर पैनल लगाने का विचार करीब एक-दो वर्ष पहले आया था। इसके बाद उन्होंने इंटरनेट के माध्यम से सौर ऊर्जा और केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं के बारे में जानकारी जुटाई। सरकार की ओर से उपलब्ध सब्सिडी का लाभ मिलने के बाद सोसाइटी ने इस परियोजना को आगे बढ़ाने का फैसला किया।

प्रदीप मिश्रा के अनुसार, सोलर सिस्टम लगाने के लिए सोसायटी ने दो से चार अलग-अलग वेंडरों से बातचीत की और उनकी सेवाओं एवं प्रस्तावों का आकलन करने के बाद एक वेंडर का चयन किया। चयन प्रक्रिया पूरी होने के बाद लगभग दो से तीन महीने के भीतर 25 किलोवाट क्षमता वाले सोलर पैनलों की स्थापना का कार्य पूरा कर लिया गया।

उन्होंने बताया कि परियोजना की एक विशेष बात यह रही कि इंस्टॉलेशन पूरा होने के करीब 15 दिनों के भीतर ही सब्सिडी की राशि सोसायटी के बैंक खाते में जमा हो गई। सोसायटी को करीब 30 प्रतिशत तक सब्सिडी प्राप्त हुई, जिससे परियोजना की कुल लागत में काफी कमी आई।

सोसाइटी का कहना है कि सोलर सिस्टम शुरू होने के बाद बिजली खर्च में उल्लेखनीय कमी दर्ज की गई है। प्रदीप मिश्रा के मुताबिक, पहले की तुलना में अब हर महीने बिजली का बिल लगभग 90 प्रतिशत तक कम आ रहा है, जिससे सोसायटी को नियमित रूप से आर्थिक लाभ मिल रहा है।

उन्होंने केंद्र सरकार की सौर ऊर्जा प्रोत्साहन योजनाओं की सराहना करते हुए कहा कि यह पहल आम नागरिकों, हाउसिंग सोसायटियों और छोटे उपभोक्ताओं के लिए काफी लाभकारी साबित हो सकती है। उनका मानना है कि सौर ऊर्जा न केवल बिजली खर्च कम करती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।

प्रदीप मिश्रा ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हाउसिंग सोसायटियों, व्यक्तिगत मकानों और ग्रामीण क्षेत्रों में जहां भी संभव हो, सोलर पैनल लगाकर इस योजना का लाभ उठाना चाहिए। उनके अनुसार, इससे लंबी अवधि में बिजली पर होने वाला खर्च काफी कम किया जा सकता है और आत्मनिर्भर ऊर्जा की दिशा में भी कदम बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने कहा कि सोलर सिस्टम से हो रही बचत के लिए वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की सौर ऊर्जा योजनाओं के प्रति आभार व्यक्त करते हैं। साथ ही उन्होंने अन्य सोसायटियों और नागरिकों को भी सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित किया।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी