Aapka Rajasthan

नाला सोपारा में आयुष्मान भारत योजना से जरूरतमंद परिवारों को मिला सहारा, जताया केंद्र सरकार का आभार

नाला सोपारा, 24 मार्च (आईएएनएस)। आयुष्मान भारत (प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना) गंभीर बीमारियों के मुफ्त इलाज के जरिए लाखों गरीब और जरूरतमंद परिवारों को लाभ पहुंचा रही है और उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार कर रही है। मुंबई से सटे वसई-विरार नगर निगम के अंतर्गत नाला सोपारा पश्चिम में सोपारा अस्पताल एक आदर्श केंद्र के रूप में उभरा है, जो आयुष्मान कार्ड धारकों को पूरी तरह से मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान कर रहा है।
 
सोपारा अस्पताल में मौजूद जलील शेख ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, "मेरे पिता फेफड़ों की बीमारी से पीड़ित हैं और उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। इसलिए मैंने उन्हें सोपारा पश्चिम के इस अस्पताल में भर्ती कराया। आयुष्मान कार्ड के जरिए हमें यहां मुफ्त इलाज मिल रहा है। मैं इसके लिए सरकार का आभार व्यक्त करता हूं। मेरी इतनी हैसियत नहीं थी कि मैं अपने पिता का इलाज प्राइवेट अस्पताल में करा सकूं। अस्पताल में बहुत अच्छी व्यवस्था है।"

इसी तरह लाभार्थी इकबाल शेख की पत्नी का कहना है, "मेरे पति को सांस लेने में तकलीफ हो रही थी। उन्हें 18 दिनों से भर्ती किया गया है और उनका मुफ्त इलाज चल रहा है और अब उन्हें कोई समस्या नहीं है।"

सोपारा हॉस्पिटल के इंचार्ज डॉ. गौरव वाघ ने बताया कि आयुष्मान भारत योजना के तहत लगातार मरीजों को लाभ मिल रहा है। पिछले एक महीने में 15 मरीजों ने योजना का लाभ उठाया है, जिनमें रायगढ़, रत्नागिरी, जलगांव सहित कई दूर-दराज के क्षेत्रों से आए मरीज शामिल हैं। इन मरीजों को निमोनिया, हार्ट से संबंधित समस्याएं, खून की कमी जैसी गंभीर बीमारियां थीं। आयुष्मान कार्ड के जरिए उन्हें पूरी तरह मुफ्त और गुणवत्तापूर्ण इलाज मिला। इलाज के बाद सभी मरीज स्वस्थ होकर अपने घर लौट चुके हैं, जो इस योजना की सफलता का बड़ा प्रमाण है।

आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना सरकार की दुनिया की सबसे बड़ी स्वास्थ्य बीमा योजना है, जो पात्र परिवारों को हर साल 5 लाख रुपये तक का मुफ्त इलाज (कैशलेस) प्रदान करती है। यह योजना गंभीर बीमारियों के लिए सूचीबद्ध निजी और सरकारी अस्पतालों में भर्ती होने का खर्च उठाती है, जिसमें दवाएं और सर्जरी भी शामिल हैं।

--आईएएनएस

ओपी/वीसी