नकली बीज और रिश्वतकांड को लेकर राजस्थान सरकार कराए उच्च स्तरीय जांच: हनुमान बेनीवाल
जयपुर, 10 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय लोकतांत्रिक पार्टी (आरएलपी) के सांसद हनुमान बेनीवाल ने बुधवार को प्रेसवार्ता कर राजस्थान की भजनलाल शर्मा सरकार और राज्य के कई मंत्रियों पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने नकली बीज और कथित रिश्वतकांड को लेकर सरकार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाते हुए उच्च स्तरीय जांच की मांग की।
सांसद हनुमान बेनीवाल ने प्रेसवार्ता कर कहा कि राज्य में भारी भ्रष्टाचार व्याप्त है और हाल के मामले केवल “छोटा हिस्सा” हैं। संबंधित प्रकरणों में कई स्तरों पर अनियमितताएं सामने आ रही हैं और जांच एजेंसियों की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं। जांच केवल एक व्यक्ति या मामले तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि पूरे नेटवर्क की जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कृषि मंत्रालय से जुड़े एक मामले का जिक्र करते हुए कहा कि यदि किसी भी स्तर पर भ्रष्टाचार पाया जाता है तो कार्रवाई होनी चाहिए, चाहे व्यक्ति कितना भी प्रभावशाली क्यों न हो। वे भ्रष्टाचार के खिलाफ हैं और यदि कोई उनके अपने परिवार का सदस्य भी गलत करेगा तो उसके खिलाफ भी खड़े होंगे।
आरएलपी सांसद ने राज्य के कई मंत्रियों की जांच की मांग करते हुए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से आग्रह किया कि केवल एक व्यक्ति को निशाना बनाने के बजाय समग्र जांच कराई जाए। किरोड़ी लाल मीणा, कन्हैया लाल चौधरी, प्रेमचंद बैरवा, हीरालाल नागर और केके बिश्नोई जैसे मंत्रियों के कार्यकाल और गतिविधियों की जांच की मांग उठाई।
प्रेसवार्ता में बेनीवाल ने मानेसर मामले का भी उल्लेख किया और राज्य में चल रही राजनीतिक परिस्थितियों पर टिप्पणी की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार भ्रष्टाचार के मामलों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं कर रही है, जिससे जनता में असंतोष बढ़ रहा है।
उन्होंने यह भी घोषणा की कि 21 जून को भरतपुर में प्रस्तावित आरएलपी की रैली को नीट परीक्षा को ध्यान में रखते हुए स्थगित कर दिया गया है। पार्टी जल्द ही नई तारीखों के साथ रैली की तैयारी फिर से शुरू करेगी।
बेनीवाल ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने भ्रष्टाचार के मामलों में ठोस कदम नहीं उठाए तो आने वाले दिनों में आरएलपी बड़ा आंदोलन शुरू करेगी। उन्होंने कहा कि जनता के हितों की अनदेखी किसी भी सूरत में स्वीकार नहीं की जाएगी और पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी।
--आईएएनएस
एसएके/डीएससी
