'नई नवेली' में राजा अवस्थी बनकर छाए आदिनाथ कोठारे, सबसे चैलेंजिंग रोल बताया
मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता आदिनाथ कोठारे फिल्म 'नई नवेली' में यामी गौतम के पति राजा अवस्थी के मुख्य किरदार में नजर आ रहे हैं। अभिनेता ने बताया कि यह किरदार उनके लिए अब तक के सबसे चैलेंजिंग किरदारों में से एक था। अभिनेता ने आईएएनएस से कहा कि किसी भी एक्टर के लिए इस तरह का रोल मिलना एक सपने जैसा है, जिसमें इतने सारे अलग-अलग शेड्स हों।
उन्होंने कहा, "इस फिल्म में मैं राजा अवस्थी नामक किरदार निभा रहा हूं और इसमें दो शेड्स सच में कमाल के हैं। यह किरदार मेरे लिए बहुत ही चुनौतिपूर्ण है क्योंकि इसमें ट्रांसफॉर्मेशन होता है। जब किरदार दूसरा अवतार लेता है, तो वह और भी मुश्किल हो जाता है। इसको तैयार करने के लिए प्रोस्थेटिक और हैवी मेकअप का इस्तेमाल किया जाता था, जिसके तैयार होने में करीब साढ़े चार घंटे लगते थे। ऊपर से एक्शन सीन भी थे और हम मई में शूटिंग कर रहे थे, जब बहुत ज्यादा गर्मी थी। बॉडी सूट सिलिकॉन का बना हुआ था।यह सब पहनने के बाद भी हमें इमोशन दिखाने थे, परफॉर्म करना था और एक्शन भी करना था। यह मेरे अब तक के सबसे मुश्किल किरदारों में से एक था, फिजिकली और इमोशनली दोनों तरह से।"
उन्होंने बताया कि फिल्म की कहानी ने उन्हें इतना आकर्षित किया कि वह इसमें काम करने से खुद को रोक नहीं पाए। उन्होंने फिल्म मिलने के पीछे की कहानी के बारे में बताते हुए कहा, "मैं टीवी शो में काम कर रहा था और उसी समय मेरे पास मुकेश सर का कॉल आया था और उन्होंने मुझसे कहा कि 'आदि, अप्रैल में क्या कर रहे हो?', तो मुझे पता था कि मैं बिजी हो जाऊंगा।जाहिर है, जब मुकेश छाबड़ा का कॉल आए तो मैं कभी नहीं कहूंगा कि मैं बिजी हूं। इसलिए मैंने रिस्क लिया और कहा, 'मैं हाजिर हूं मुकेश सर। आप बताइए क्या करना है।'"
अभिनेता ने कहा, "मुकेश सर ने मुझे बताया कि आनंद एल राय एक फैंटेसी कॉमेडी फिल्म पर काम रहे है और मेरे अपोजिट में यामी गौतम हैं। उन्होंने मुझे किरदार के बारे में थोड़ा बताया। मैंने मुकेश छाबड़ा से कहा, 'मैं मैनेज कर लूंगा सर'। 'फिर मैं आनंद सर, आनंद एल राय और हिमांशु शर्मा से मिला। वे बहुत ही शानदार प्रोड्यूसर और बहुत अच्छे लोग हैं। उन्होंने मुझे फिल्म की कहानी, उसकी दुनिया और मेरे किरदार राजा अवस्थी के बारे में बताया। डायलॉग और स्क्रीनप्ले दिव्या निधि शर्मा ने लिखा है जबकि कहानी हिमांशु शर्मा ने लिखी है। इस फिल्म से कई बड़े लोग जुड़े हुए हैं। जब मैंने कहानी सुनी, तो मैं हैरान रह गया और फिल्म में काम करने से खुद को रोक नहीं पाया।"
--आईएएनएस
एनएस/पीएम
