बैंकिंग सेक्टर में जॉब का शानदार मौका, सीनियर एनालिस्ट के 29 पदों के लिए करें आवेदन
नई दिल्ली, 18 मार्च (आईएएनएस)। बैंकिंग सेक्टर में शानदार करियर बनाने की इच्छा रखने वाले युवाओं के लिए एक बेहतरीन मौका सामने आया है। नेशनल बैंक फॉर फाइनेंसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट (एनएबीएफआईडी) ने सीनियर एनालिस्ट के कुल 29 पदों पर भर्ती के लिए आधिकारिक अधिसूचना जारी की है।
एनएबीएफआईडी ने सीनियर एनालिस्ट के जिन 29 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं, उनमें 25 पद रेगुलर और 4 पद कॉन्ट्रैक्ट बेसिस के हैं। रेगुलर पदों में इंटरनल ऑडिट, एडमिनिस्ट्रेशन, कंपनी सेक्रेटेरिएट, विजिलेंस, इन्वेस्टमेंट एंड ट्रेजरी, आईटी-बिजनेस एनालिस्ट एंड टेक्निकल प्रोजेक्ट मैनेजमेंट, आईटी-इंफ्रास्ट्रक्चर मैनेजमेंट (क्लाउड) और कंप्लायंस के 1-1 पद, लीगल, इंटरनल ऑडिट (आईएस ऑडिट) और ह्यूमन रिसोर्स के 2-2 पद, रिस्क मैनेजमेंट के 5 और लैंडिंग ऑपरेशन (लैंडिंग एंड प्रोजेक्ट फाइनेंस) के 6 पद शामिल हैं।
वहीं, कॉन्ट्रैक्ट बेसिस पदों में कॉर्पोरेट स्ट्रैटेजी, पार्टनरशिप एंड इकोसिस्टम डेवलपमेंट के 3 और इन्वेस्टमेंट एंड ट्रेजरी (रिसोर्स रेसिंग) के 1 पद शामिल हैं।
एनएबीएफआईडी की ओर से जारी पदों के लिए ऑनलाइन मोड में आवेदन प्रक्रिया बुधवार से शुरू हो गई है और अप्लाई करने की अंतिम तिथि 8 अप्रैल निर्धारित की गई है। ऐसे में जो योग्य और इच्छुक उम्मीदवार एप्लीकेशन फॉर्म भरने की सोच रहे हैं, वे आधिकारिक वेबसाइट पर जाने के बाद तय समय सीमा के भीतर अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म जमा कर सकते हैं।
एप्लीकेशन फॉर्म भरने वाले अभ्यर्थियों के पास मान्यता प्राप्त संस्थान या यूनिवर्सिटी से संबंधित पद अनुसार बीई/बीटेक/एलएलबी/पोस्ट-ग्रेजुएशन/सीए/एमबीए/एमसीए/आईसीडब्ल्यूए/सीएफए आदि की डिग्री होनी चाहिए। इसी के साथ कैंडिडेट्स के पास अन्य निर्धारित पात्रता का होना भी आवश्यक है।
उम्मीदवारों की न्यूनतम आयु 21 साल और अधिकतम आयु 40 साल निर्धारित है, जिसकी गणना 28 फरवरी के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित वर्ग से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
योग्य अभ्यर्थियों का चयन शॉर्टलिस्टिंग, ऑनलाइन लिखित परीक्षा, पर्सनल इंटरव्यू और डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के आधार पर किया जाएगा। वहीं, लिखित परीक्षा का आयोजन मई में होने की संभावना है।
आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपने वर्ग अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन मोड में करना होगा, जो जनरल/ईडब्ल्यूएस/ओबीसी के लिए 800 रुपए के साथ लागू टैक्स और एससी/एसटी/पीडब्ल्यूबीडी के लिए 100 रुपए के साथ लागू टैक्स है।
ऑनलाइन आवेदन करने के लिए, उम्मीदवार सबसे पहले नेशनल बैंक फॉर फाइनेंसिंग इंफ्रास्ट्रक्चर एंड डेवलपमेंट (एनएबीएफआईडी) की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। होमपेज पर जाने के बाद, जारी पद से संबंधित एक्टिव एप्लीकेशन लिंक पर क्लिक करें। इसके बाद, रजिस्ट्रेशन कर लॉगिन करें। फॉर्म में मांगी गई सभी जानकारियों को दर्ज करें। मांगे गए सभी डॉक्यूमेंट्स को सही साइज में अपलोड करें। इसके बाद, अपने वर्ग के अनुसार निर्धारित आवेदन शुल्क का भुगतान करें। फिर फॉर्म को चेक कर सबमिट कर दें। आखिर में रजिस्ट्रेशन फॉर्म का प्रिंट आउट भविष्य के लिए निकालकर रख लें।
--आईएएनएस
डीके/एबीएम
