Aapka Rajasthan

मुजफ्फरपुर में वाहन जांच के दौरान पुलिस पर फायरिंग, पैर में गोली लगने के बाद आरोपी को दबोचा

मुजफ्फरपुर, 17 जून (आईएएनएस)। बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मुसहरी थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात पुलिस और एक अपराधी के बीच मुठभेड़ हो गई। वाहन जांच के दौरान पुलिस को देखकर भाग रहे अपराधियों ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
 
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) कांतेश कुमार मिश्रा ने बुधवार को बताया कि रात करीब 2:30 बजे मुसहरी थाना अंतर्गत भटोलिया मोड़ पुल के समीप विशेष वाहन जांच अभियान चलाया जा रहा था। जांच के दौरान एक मोटरसाइकिल पर सवार दो युवक तेज रफ्तार में आते दिखाई दिए।

पुलिस द्वारा रुकने का इशारा किए जाने पर दोनों नहीं रुके और भागने लगे। संदेह होने पर पुलिस टीम ने उनका पीछा किया। पीछा किए जाने के दौरान अपराधियों की मोटरसाइकिल असंतुलित होकर गिर गई। इसके बाद दोनों ने पुलिस टीम पर ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।

एसएसपी के अनुसार, अपराधियों की ओर से तीन राउंड गोलियां चलाई गईं। पुलिस ने पहले चेतावनी दी, लेकिन फायरिंग जारी रहने पर आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की गई। इस दौरान एक अपराधी के पैर में गोली लग गई, जबकि दूसरा मौके से फरार हो गया। गिरफ्तार घायल अपराधी की पहचान वैशाली जिले के महुआ थाना क्षेत्र निवासी अमित सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस जांच में सामने आया कि वह मुसहरी थाना क्षेत्र में 21 मई को हुई अमित रंजन हत्याकांड का वांछित अभियुक्त है। इसके अलावा महुआ थाना में वर्ष 2024 में दर्ज हत्या के प्रयास और आर्म्स एक्ट के मामले में भी वह फरार चल रहा था। 2018 में रंगदारी से जुड़े दो मामलों में भी उसकी संलिप्तता रही है। घटनास्थल से पुलिस ने एक देसी पिस्टल, कई खोखे तथा अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं।

पुलिस वाहन पर भी दो गोलियों के निशान मिले हैं। एफएसएल टीम को जांच के लिए बुलाया गया है। घायल अपराधी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी स्थिति स्थिर बताई जा रही है। पुलिस फरार अपराधी की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एसके