Aapka Rajasthan

मुठभेड़ में गिरफ्तार आरोपियों से 2.19 लाख रुपए नकद बरामद, सलमान पर 49 और तनवीर पर 45 मुकदमों का आपराधिक इतिहास दर्ज

नोएडा, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-39 की पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सलमान पुत्र अय्यूब और तनवीर पुत्र मैनुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार कारतूस, चेन स्नेचिंग से संबंधित 2 लाख 19 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की है।
 

नोएडा, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। नोएडा के थाना सेक्टर-39 की पुलिस ने अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए पुलिस मुठभेड़ के दौरान चेन स्नैचिंग की घटनाओं में शामिल दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दिल्ली निवासी सलमान पुत्र अय्यूब और तनवीर पुत्र मैनुद्दीन के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, चार कारतूस, चेन स्नेचिंग से संबंधित 2 लाख 19 हजार रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई चोरी की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की है।

पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपी दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में मोटरसाइकिल पर सवार होकर राह चलते लोगों को निशाना बनाते थे। दोनों के खिलाफ दिल्ली, नोएडा और गाजियाबाद के विभिन्न थानों में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस के अनुसार, 15 अक्टूबर 2026 की रात थाना सेक्टर-39 की टीम संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान पुलिस की कार्रवाई के क्रम में स्टेलर ग्रीन पार्क के पास जंगल में पुलिस मुठभेड़ के दौरान दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके कब्जे से .315 बोर के दो अवैध तमंचे, दो खोखा कारतूस और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।

इसके अतिरिक्त पुलिस ने चेन स्नेचिंग से संबंधित 2,19,000 रुपए नकद और वारदात में इस्तेमाल की गई रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल भी बरामद की। पुलिस के मुताबिक, यह मोटरसाइकिल दिल्ली के शाहदरा स्थित थाना जगतपुरी में दर्ज एफआईआर संबंधित चोरी का वाहन है। पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे दिल्ली-एनसीआर में मोटरसाइकिल से घूमकर राह चलते लोगों के गले से चेन छीनते थे। इसके बाद छीनी गई चेन को राह चलते लोगों या अपने परिचितों को बेच देते थे। चेन बेचकर मिलने वाली रकम का इस्तेमाल वे अपने निजी खर्चों और शौक-मौज में करते थे।

आरोपियों ने पकड़े जाने से बचने के लिए अपने पास अवैध हथियार रखने की बात भी बताई है। पुलिस अब बरामद नकदी के स्रोत, चेन स्नेचिंग की अन्य घटनाओं में दोनों की संलिप्तता और चोरी की मोटरसाइकिल के इस्तेमाल से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। गिरफ्तार सलमान पुत्र अय्यूब की उम्र लगभग 30 वर्ष है। वह दिल्ली के थाना भजनपुरा क्षेत्र की मोहनपुरी, नूरे इलाही कॉलोनी का निवासी है।

पुलिस द्वारा उपलब्ध कराए गए विवरण के अनुसार, सलमान के खिलाफ कुल 49 मुकदमों का आपराधिक इतिहास दर्ज है। इनमें लूट, चोरी, चोरी का माल रखने, गिरोहबंद गतिविधियों और आर्म्स एक्ट से संबंधित मामले शामिल हैं। उसके खिलाफ नोएडा के सेक्टर-20, सेक्टर-39, सेक्टर-49 और फेज-3 थानों के अलावा गाजियाबाद के इंदिरापुरम, साहिबाबाद, सिहानी गेट, विजय नगर और कौशाम्बी तथा दिल्ली के कई थानों में मुकदमे दर्ज होने का उल्लेख है।

वहीं, दूसरा आरोपी तनवीर पुत्र मैनुद्दीन लगभग 37 वर्ष का है और दिल्ली के थाना भजनपुरा क्षेत्र के सुभाष विहार, नॉर्थ घोंडा का निवासी है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, तनवीर के खिलाफ 45 मुकदमों का आपराधिक इतिहास दर्ज है। उसके खिलाफ चोरी, लूट, लूट के दौरान गंभीर अपराध, चोरी का माल रखने और अवैध हथियारों से संबंधित मामले दर्ज हैं। उसके पुराने मुकदमे वर्ष 2006 से लेकर वर्ष 2026 तक के हैं। दिल्ली के विभिन्न थानों के साथ लोनी, गाजियाबाद और नोएडा के सेक्टर-39 थाने में भी उसके खिलाफ मामले दर्ज होने की जानकारी दी गई है।

इस कार्रवाई में पुलिस ने कुल दो अवैध तमंचे .315 बोर, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, 2.19 लाख रुपए नकद और चोरी की रॉयल एनफील्ड मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामदगी और आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड के आधार पर पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है। साथ ही, यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि आरोपी हाल के दिनों में नोएडा और आसपास के जिलों में हुई चेन स्नेचिंग की किन-किन घटनाओं में शामिल रहे हैं।

--आईएएनएस

पीकेटी/डीकेपी