मुंबई: टिंडर के जरिए चल रहे उगाही रैकेट का खुलासा, 3 युवतियों समेत 10 गिरफ्तार
मुंबई, 15 मार्च (आईएएनएस)। मुंबई पुलिस ने ऑनलाइन डेटिंग ऐप टिंडर के जरिए चल रहे एक बड़े उगाही रैकेट का भंडाफोड़ करते हुए 10 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इस गिरोह में दिल्ली से लाई गई तीन युवतियां भी शामिल हैं। पुलिस ने यह कार्रवाई साकीनाका इलाके के घाटकोपर स्थित कैफे क्लब में छापेमारी कर की।
पुलिस की ओर से रविवार को साझा की गई जानकारी के अनुसार, यह गिरोह अमीर और संपन्न युवकों को निशाना बनाता था। आरोपी युवतियां डेटिंग ऐप टिंडर पर युवकों की प्रोफाइल लाइक कर उनसे संपर्क करती थीं और फिर उन्हें डेट के बहाने साकीनाका स्थित कैफे क्लब में बुलाती थीं। कैफे पहुंचने के बाद युवकों को धमकाकर उनसे मोटी रकम वसूली जाती थी। आरोपी युवतियां और उनके साथी युवकों को झूठे यौन उत्पीड़न के मामले में फंसाने और पुलिस कार्रवाई की धमकी देते थे। इसी दौरान कैफे में महंगे खाने-पीने के ऑर्डर देकर बिल को 25 हजार से 50 हजार रुपए या उससे भी अधिक तक पहुंचा दिया जाता था।
पुलिस ने बताया कि कैफे के बाउंसर भी इस उगाही में शामिल थे और वे पीड़ितों को डराकर जबरन भुगतान कराने का काम करते थे।
पवई पुलिस को इस रैकेट की सूचना मिलने के बाद एक जाल बिछाया गया। पुलिस टीम ने छापा मारकर पूरे गिरोह को रंगे हाथ पकड़ लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक युवक को कैफे में जमीन पर बैठाकर उससे पैसे वसूलने की कोशिश करते हुए पाया। जांच में सामने आया कि कैफे का मालिक भी इस पूरे रैकेट में सक्रिय रूप से शामिल था और वही इस ठगी के नेटवर्क को संचालित कर रहा था।
पुलिस जांच में यह भी पता चला है कि इस रैकेट के लिए दिल्ली से तीन युवतियों को विशेष तौर पर लाया गया था। इसके अलावा गिरोह से करीब 25 से 30 अन्य लड़कियों के जुड़े होने की भी जानकारी सामने आई है, जिनके जरिए अमीर युवकों को फंसाया जाता था। इस मामले में साकीनाका पुलिस स्टेशन में केस दर्ज कर लिया गया है और गिरफ्तार सभी आरोपियों को हिरासत में रखा गया है।
मुंबई पुलिस अब इस गिरोह के पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस रैकेट में और कितने लोग शामिल हैं तथा कितने युवकों को अब तक इस तरह से ठगा गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि नेटवर्क के पूरे दायरे का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है।
--आईएएनएस
पीएसके
