मुंबई: पीएम मोदी की अपील के बाद राज्य मंत्री अशीष जायसवाल ने मेट्रो से की सफर
मुंबई, 14 मई (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से ईंधन की खपत कम करने की अपील के मद्देनजर राज्य सरकार विभिन्न स्तरों पर उपाय लागू कर रही है। इसी कड़ी में गुरुवार को नागपुर दौरे पर जाते समय राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने अपनी मंत्री-स्तरीय गाड़ियों के काफिले को छोड़कर, मंत्रालय से मुंबई हवाई अड्डे के टर्मिनल-1 तक मेट्रो से यात्रा की।
इस दौरान राज्य मंत्री आशीष जायसवाल ने कहा कि राष्ट्रीय हित और ईंधन की बचत के लिए हर किसी को अपने स्तर पर प्रयास करने की आवश्यकता है। यह केवल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दिए गए संदेश को सुनने तक ही सीमित नहीं है, बल्कि उसे अमल में लाने के बारे में भी है। इसके लिए, हम इसकी शुरुआत स्वयं से कर रहे हैं।
उन्होंने आगे कहा कि सरकारी बेड़े में वाहनों की संख्या कम करने का फैसला पहले ही लिया जा चुका है और जहां भी मुमकिन हो मैंने हमेशा ज्यादा से ज्यादा मेट्रो का इस्तेमाल किया है। आज मैं मंत्रालय से हवाई अड्डे तक मेट्रो से गया। सार्वजनिक परिवहन का ज्यादा इस्तेमाल करने से ईंधन की बचत होगी और ट्रैफिक जाम तथा प्रदूषण कम करने में मदद मिलेगी।
राज्य मंत्री जायसवाल ने नागरिकों से यह भी अपील की कि वे जहां तक हो सके सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करें। उन्होंने यह भी कहा कि 'देश सबसे पहले' की भावना केवल एक नारा बनकर नहीं रहनी चाहिए, बल्कि यह हमारे वास्तविक कार्यों में भी झलकनी चाहिए। वहीं, मेट्रो स्टेशन पर मौजूद नागरिकों ने भी मंत्री के इस निर्णय का स्वागत किया।
गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी ने देशवासियों से अपील की थी कि वे ईंधन की खपत कम करें और सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो, कारपूलिंग और इलेक्ट्रिक वाहनों का अधिक इस्तेमाल करें। साथ ही उन्होंने सोना खरीदने और विदेशी यात्राओं की जगह देश के अंदर यात्रा को प्राथमिकता देने की बात कही थी।
--आईएएनएस
पीएसके
