मुंबई मेट्रो लाइन 6 पर एमएमआरडीए की इंजीनियरिंग उपलब्धि, पश्चिम रेलवे मार्ग पर 42 मीटर स्टील स्पैन की सफल स्थापना
मुंबई, 26 अप्रैल (आईएएनएस)। मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) ने लगभग 14.5 किमी लंबी मुंबई मेट्रो लाइन 6 परियोजना के क्रियान्वयन के दौरान एक महत्वपूर्ण इंजीनियरिंग उपलब्धि हासिल की है। इसके अंतर्गत कॉरिडोर के सबसे जटिल निर्माण कार्यों में से एक जोगेश्वरी क्षेत्र में पश्चिम रेलवे की पटरियों के ऊपर सक्रिय रेलवे क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण पियर का निर्माण तथा पहले स्टील कॉम्पोजिट स्पैन की स्थापना को सफलतापूर्वक पूरा किया गया है।
इस चरण की शुरुआत पियर पी124 के निर्माण से हुई, जो मुंबई के सबसे व्यस्त उपनगरीय रेलवे मार्गों में से एक पर अप-थ्रू और डाउन-थ्रू ट्रैकों के बीच स्थित है। अत्यंत सीमित स्थान और उच्च जोखिम वाले वातावरण में इस कार्य के लिए सटीक योजना, समन्वय और कड़े सुरक्षा मानकों का पालन आवश्यक था। नींव से लेकर पियर कैप स्तर तक का पूरा कार्य रेलवे सुरक्षा मानकों और अनुमोदित दिशानिर्देशों के अनुसार किया गया।
दोनों ओर लगातार ट्रेन संचालन जारी रहने के बावजूद यह कार्य बिना किसी व्यवधान के पूरा किया गया। इस चरण की प्रमुख चुनौतियां थीं, जिसमें रात्रि के सीमित समय में कार्य करना, लगातार चलती रेल सेवाएं, नियंत्रित निष्पादन और सतत निगरानी की आवश्यकता और सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन शामिल हैं।
पियर पी124 के पूर्ण होने के बाद पियर पी123 और पी124 के बीच पहला स्टील कॉम्पोजिट गर्डर स्पैन स्थापित किया गया। यह स्थापना लगभग 10 घंटे के निर्धारित रेलवे ब्लॉक के भीतर पूरी की गई, जो उच्च स्तरीय योजना और निष्पादन दक्षता को दर्शाती है।
इस कार्य में 500 टन और 600 टन क्षमता वाले हाइड्रोलिक क्रेनों का समन्वित उपयोग किया गया। सीमित स्थान के कारण इन क्रेनों को सक्रिय रेलवे ट्रैकों के बीच रणनीतिक रूप से स्थापित किया गया, जिससे यह कार्य अत्यंत जटिल और उच्च सटीकता वाला बन गया।
लगभग 10-12 मीटर की ऊंचाई पर इस स्पैन को सफलतापूर्वक स्थापित किया गया, जिसमें सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित किया गया।
ये कार्य निर्धारित रेलवे ब्लॉक अवधि के भीतर, सूक्ष्म योजना और समन्वय के साथ, सभी सुरक्षा मानकों का पूर्ण पालन करते हुए और रेलवे संचालन पर किसी अतिरिक्त प्रभाव के बिना संपन्न हुए।
यह उपलब्धि मेट्रो लाइन 6 के सबसे चुनौतीपूर्ण रेलवे क्रॉसिंग खंडों में से एक को पार करने में महत्वपूर्ण सफलता को दर्शाती है। यह कार्य पश्चिम रेलवे के सहयोग और समन्वय से संभव हुआ।
मेट्रो लाइन 6 इंटरचेंज कनेक्टिविटी में आदर्श नगर पर मेट्रो लाइन 2ए, जेवीएलआर पर मेट्रो लाइन 7, सीप्ज क्षेत्र में मेट्रो लाइन 3, कंजूरमार्ग (पश्चिम) पर मेट्रो लाइन 4 और जोगेश्वरी और कंजूरमार्ग पर उपनगरीय रेलवे शामिल हैं।
स्वामी समर्थ नगर (लोखंडवाला) से विक्रोली को जोड़ने वाली मेट्रो लाइन 6 शहर में पूर्व–पश्चिम संपर्क को मजबूत करने वाली एक महत्वपूर्ण परियोजना है। इसके संचालन के बाद यात्रियों का यात्रा समय काफी कम होगा, जेवीएलआर जैसे प्रमुख मार्गों पर यातायात दबाव कम होगा, अन्य मेट्रो लाइनों और उपनगरीय रेल नेटवर्क के साथ एकीकृत कनेक्टिविटी मिलेगी, सुरक्षित, विश्वसनीय और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध होगी, निजी वाहनों पर निर्भरता कम होगी, जिससे प्रदूषण और ट्रैफिक में कमी आएगी।
यह उपलब्धि दर्शाती है कि एमएमआरडीए घनी शहरी परिस्थितियों में भी अत्यंत जटिल अवसंरचना परियोजनाओं को सटीकता, सुरक्षा और दक्षता के साथ पूरा करने में सक्षम है।
मुंबई महानगर क्षेत्र विकास प्राधिकरण (एमएमआरडीए) के महानगरीय आयुक्त डॉ. संजय मुखर्जी ने इस उपलब्धि का महत्व बताते हुए कहा, “मेट्रो लाइन 6 मुंबईकरों के लिए लंबे समय से प्रतीक्षित एक महत्वपूर्ण परियोजना है और इससे जुड़ी जन-अपेक्षाओं से हम भली-भांति अवगत हैं। यह उपलब्धि परियोजना के सबसे चुनौतीपूर्ण हिस्सों में से एक में हुई महत्वपूर्ण प्रगति को दर्शाती है और कार्य को तेजी व सटीकता के साथ आगे बढ़ाने के हमारे प्रयासों को प्रतिबिंबित करती है। इस चरण में हम इस कॉरिडोर को चरणबद्ध तरीके से संचालित करने के लिए विभिन्न विकल्पों पर सक्रिय रूप से विचार कर रहे हैं, ताकि यात्रियों को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके। शहर को विश्वसनीय और प्रभावी पूर्व-पश्चिम कनेक्टिविटी प्रदान करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।”
--आईएएनएस
डीकेपी/
