Aapka Rajasthan

मुंबई में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित बेस्ट बस ने कई लोगों को कुचला

मुंबई, 29 दिसंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुंबई में एक बड़ा हादसा हो गया है। बेस्ट की एक अनियंत्रित बस ने पैदल चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर सामने आई है।
 
मुंबई में भीषण सड़क हादसा, अनियंत्रित बेस्ट बस ने कई लोगों को कुचला

मुंबई, 29 दिसंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के मुंबई में एक बड़ा हादसा हो गया है। बेस्ट की एक अनियंत्रित बस ने पैदल चल रहे कई लोगों को टक्कर मार दी। इस घटना में कई लोगों के हताहत होने की खबर सामने आई है।

यह घटना मुंबई के भांडुप इलाके में हुई है। बताया जा रहा है कि बस अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, बेस्ट की बस ने इस दौरान दस से बारह लोगों को कुचला है।

घायलों को अस्पताल भेजा गया है। सभी का इलाज चल रहा है। बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई थी, जिसे पुलिस ने नियंत्रित किया और वहां से हटाया।

मिली जानकारी के अनुसार, इस घटना में दो लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है।

दावा किया जा रहा है कि रिवर्स करते समय बस असंतुलित हो गई और पैदल चल रहे लोगों को कुचल दिया। किसी को भागने का मौका नहीं मिला। कुछ लोगों को टक्कर लगी और कुछ बस के नीचे दब गए, जिसके कारण दो लोगों की मौत की सूचना है। मृतकों में एक महिला और एक पुरुष बताए जा रहे हैं। हालांकि, घायलों और मृतकों को लेकर अभी तक आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

यह घटना भांडुप (पश्चिम) के स्टेशन रोड पर हुई, जहां लोगों की आवाजाही अधिक होती है और यह क्षेत्र व्यस्त इलाकों में से एक माना जाता है।

बताया जा रहा है कि पुलिस ने बस चालक को हिरासत में ले लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। मौके पर पुलिस बल तैनात है।

इससे पहले पिछले साल भी एक इलेक्ट्रिक बस अनियंत्रित होकर कई लोगों को टक्कर मार चुकी है। तब बस 20 से अधिक वाहनों से टकरा गई थी।

--आईएएनएस

एएमटी/डीएससी