Aapka Rajasthan

मुंबई में मंगलवार को भी स्कूल-कॉलेज बंद, नासिक में बादल फटने की चेतावनी

मुंबई, 6 जुलाई (आईएएनएस)। महाराष्ट्र में लगातार हो रही भारी बारिश के बीच बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मंगलवार, 7 जुलाई को मुंबई के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अवकाश घोषित कर दिया है। यह फैसला भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) द्वारा मुंबई और आसपास के क्षेत्रों के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट के बाद लिया गया है।
 
बीएमसी ने कहा कि मौसम विभाग ने अगले 24 घंटों के दौरान भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना जताई है। ऐसे में विद्यार्थियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसी को देखते हुए सभी शैक्षणिक संस्थानों को बंद रखने का निर्णय लिया गया है। प्रशासन ने अभिभावकों और नागरिकों से भी सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने की अपील की है।

मुंबई, पालघर और पुणे में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घंटों से बिजली की आपूर्ति बाधित है। ट्रेन परिचालन में भी समस्याएं आ रही हैं। मुंबई से सटे वसई, विरार और नालासोपारा में जलजमाव के कारण लोग घरों में कैद हो गए हैं। वसई-विरार-नालासोपारा के बीच ट्रेनों का परिचालन बाधित हो गया है।

इस बीच, नासिक जिले में भी भारी बारिश की आशंका को लेकर प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है। पालखेड़ सिंचाई उपमंडल, पिंपलगांव (बी) की ओर से जारी चेतावनी में कहा गया है कि नासिक जिले और आसपास के क्षेत्रों में अत्यधिक बारिश तथा बादल फटने जैसी स्थिति बनने की संभावना है।

चेतावनी में कहा गया है कि यदि पालखेड़ बांध के जलग्रहण क्षेत्र में अत्यधिक जल प्रवाह होता है और बांध में जलस्तर तेजी से बढ़ता है, तो वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर पालखेड़ बांध से कडवा नदी में पानी छोड़ा जा सकता है। इसके बाद स्थिति के अनुसार चरणबद्ध तरीके से जल प्रवाह बढ़ाया जाएगा।

प्रशासन ने कडवा नदी के किनारे रहने वाले लोगों से विशेष सतर्कता बरतने की अपील की है। नदी में प्रवेश न करने, पशुधन, कृषि उपकरण, मोटर पंप और अन्य सामान को सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने की सलाह दी गई है।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम