Aapka Rajasthan

मुंबई के आईसीटी हॉस्टल में इंजीनियरिंग छात्र ने की आत्महत्या, डिप्रेशन में था सिद्धेश

मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (आईसीटी) में पढ़ने वाले दूसरे वर्ष के एक इंजीनियरिंग छात्र ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है।
 

मुंबई, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के इंस्टीट्यूट ऑफ केमिकल टेक्नोलॉजी (आईसीटी) में पढ़ने वाले दूसरे वर्ष के एक इंजीनियरिंग छात्र ने हॉस्टल में आत्महत्या कर ली। घटना मंगलवार रात करीब साढ़े 10 बजे की है।

मृतक छात्र की पहचान सिद्धेश पाटील के रूप में हुई है, जो मूल रूप से नासिक का रहने वाला था। वह आईसीटी में दूसरे साल में इंजीनियरिंग की पढ़ाई कर रहा था और हॉस्टल में रहता था।

जानकारी के मुताबिक, सिद्धेश पिछले कुछ दिनों से डिप्रेशन में था और उसका इलाज भी चल रहा था। कल उसने अपने डॉक्टर को मैसेज कर बताया था कि उसके मन में आत्महत्या करने के विचार आ रहे हैं।

छात्र का मैसेज देखते ही डॉक्टर ने तुरंत उसके परिवार को इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिवार ने हॉस्टल में रहने वाले सिद्धेश के दोस्तों से संपर्क किया और उन्हें तुरंत उसके पास जाने के लिए कहा। हालांकि, दोस्तों के पहुंचने से पहले ही सिद्धेश ने हॉस्टल के कमरे में अपनी जान दे दी।

घटना की जानकारी मिलते ही माटुंगा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। मुंबई पुलिस ने इस घटना की पुष्टि की है।

पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आत्महत्या के पीछे और क्या कारण थे। छात्र के दोस्तों और परिवार से भी पूछताछ की जा रही है। इससे पहले 14 अक्टूबर को झारखंड की राजधानी रांची के नामकुम थाना क्षेत्र में बुधवार को एक निजी विश्वविद्यालय के बीटेक छात्र का शव किराए के कमरे में फंदे से लटका मिलाल था। मृतक की पहचान हजारीबाग जिले के पेटो गांव निवासी मनीष कुमार के रूप में हुई थी।

घटना राजाउलातू स्थित झारखंड राय यूनिवर्सिटी के पास की थी। पुलिस के अनुसार, मनीष झारखंड राय यूनिवर्सिटी में बीटेक की पढ़ाई कर रहा था और विश्वविद्यालय के पास एक किराए के कमरे में रहता था। वह पहले एक अन्य छात्र के साथ रहता था, लेकिन कुछ दिन पहले उसका रूममेट वहां से चला गया था।

--आईएएनएस

वीकेयू/डीएससी