Aapka Rajasthan

मुंबई : दिवाली के दौरान बीएमसी कर्मचारियों ने रोजाना एकत्रित किया औसतन 443 मीट्रिक टन ज्यादा कचरा

मुंबई, 12 नवंबर (आईएएनएस)। दिवाली के दौरान जहां मुंबईकर त्योहार के उत्सव में व्यस्त रहे, वहीं बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के सफाई कर्मचारी, वाहन चालक, सुपरवाइजर और कचरा संकलन से जुड़े अन्य कर्मी शहर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए लगातार काम करते रहे। बीएमसी के अनुसार, दिवाली के पांच दिनों के दौरान सामान्य दिनों की तुलना में काफी अधिक मात्रा में कचरे का संग्रह और निपटान किया गया।
 
बीएमसी द्वारा जारी आंकड़ों के अनुसार, 7 से 11 नवंबर 2026 के बीच शहर से कुल 36,445.06 मीट्रिक टन ठोस कचरा एकत्र कर उसका परिवहन किया गया। यह मात्रा अक्टूबर 2026 के दैनिक औसत की तुलना में लगभग 443 मीट्रिक टन अधिक रही।

महानगरपालिका के मुताबिक अक्टूबर महीने में प्रतिदिन औसतन 7,200.40 मीट्रिक टन कचरा एकत्र किया जाता था। इस हिसाब से पांच दिनों में लगभग 36,002 मीट्रिक टन कचरा जमा होना अपेक्षित था, लेकिन दिवाली के दौरान त्योहारी गतिविधियों के कारण कचरे की मात्रा बढ़ गई।

बीएमसी ने बताया कि 7 नवंबर को सबसे अधिक 7,810.26 मीट्रिक टन कचरा एकत्र किया गया। इस दिन 1,399 वाहन फेरों के माध्यम से कचरा उठाया गया, जो सामान्य दैनिक औसत से करीब 610 मीट्रिक टन अधिक था।

दिवाली के दौरान सड़कों, बाजारों, आवासीय क्षेत्रों और सार्वजनिक स्थानों पर पटाखों के अवशेष, गिफ्ट बॉक्स, पैकेजिंग सामग्री और अन्य त्योहारी कचरे को प्राथमिकता के आधार पर साफ किया गया। घर-घर कचरा संग्रहण, सड़क सफाई और कचरे को निर्धारित केंद्रों तक पहुंचाने की सेवाएं पूरे त्योहार के दौरान निर्बाध रूप से जारी रहीं।

बीएमसी ने कर्तव्य पर तैनात सभी सफाई कर्मचारियों और संबंधित कर्मियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि उनके प्रयासों की बदौलत त्योहार के दौरान भी मुंबई की स्वच्छता व्यवस्था सुचारू बनी रही।

साथ ही नागरिकों से अपील की गई है कि वे कचरे का उचित वर्गीकरण करें, उसे केवल अधिकृत कचरा संग्रहण कर्मचारियों को ही सौंपें तथा सार्वजनिक स्थानों पर कचरा फेंकने या जलाने से बचें।

--आईएएनएस

एएमटी/एबीएम