मुंबई: चेंबूर में फुटपाथ पर खड़े दो लोगों पर हमला, हिरासत में 7 आरोपी
मुंबई, 21 जून (आईएएनएस)। मुंबई के चेंबूर इलाके में फुटपाथ पर खड़े दो लोगों पर कुछ असामाजिक तत्वों ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए नाबालिग सहित कुल 7 आरोपियों को हिरासत में लिया है।
जानकारी के अनुसार, यह घटना अमर नगर इलाके में अंबिका हार्डवेयर के सामने रात करीब 12:15 बजे हुई। यहां फुटपाथ पर खड़े सचिन खडतरे (43) और फिरोज उर्फ राजू खान (54) पर अचानक से कुछ लोगों ने हमला कर दिया। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना की जानकारी मिलते ही गोवंडी पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 118(1), 109, 189(2), 189(3), 189(4), 190, 191(2), 191(3) और 61(2) के तहत केस दर्ज किया है।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जांच के लिए 7 विशेष टीमें गठित कीं। तकनीकी सर्विलांस, कॉल डिटेल रिकॉर्ड और सीसीटीवी फुटेज की मदद से आरोपियों की पहचान की गई।
जांच के बाद पुलिस ने इस मामले में कुल 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लेकर बाल सुधार गृह भेज दिया गया है।
फिलहाल, सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है, और पुलिस हमले के पीछे के कारणों का पता लगाने की कोशिश कर रही है।
एक अन्य घटना में रविवार तड़के मुंबई-वडोदरा राजमार्ग पर भीषण एक्सीडेंट हुआ, जिसमें दो लोगों की मौत की खबर है। हादसा बदलापुर में हुआ, जिसमें एक लग्जरी कार बीएमडब्ल्यू से टकरा गई। बताया जा रहा है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ।
शुरुआती जानकारी के अनुसार, कार तेज रफ्तार में थी और इसी दौरान चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया। इस दुर्घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जिसका मलबा दूर-दूर तक बिखर गया।
मृतकों की पहचान योगेश किशन नेगी (24) और रेबेका बाबू जैकब (22) के रूप में हुई है, जबकि एक शख्स भी घायल हो गया, जिसकी पहचान अंगद गिल (26) के रूप में हुई है। अंगद गिल और किशन नेगी बदलापुर के ही रहने वाले हैं, जबकि रेबेका बांद्रा की रहने वाली थीं। बताया जा रहा है कि ये सभी दोस्त थे और रविवार को 24 वर्षीय योगेश नेगी का जन्मदिन मनाने के लिए बाहर गए थे।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी
