Aapka Rajasthan

मुंबई: बांद्रा में नाकाबंदी तोड़कर फरार हुआ कार चालक, पुलिस कांस्टेबल घायल

मुंबई, 13 सितंबर (आईएएनएस)। मुंबई के बांद्रा पश्चिम इलाके में एसवी रोड पर नाकाबंदी के दौरान एक अज्ञात कार चालक ने कथित तौर पर तेज रफ्तार में पुलिस बैरिकेड को टक्कर मार दी। हादसे में एक पुलिस कांस्टेबल के हाथ में चोट आई। घटना के बाद आरोपी चालक मौके से फरार हो गया। मुंबई की बांद्रा पुलिस ने अज्ञात कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
 
बांद्रा पुलिस के मुताबिक, वाहन की रफ्तार अधिक होने, रात के समय कम दृश्यता और कार की तेज हेडलाइट के कारण पुलिसकर्मी उसका रजिस्ट्रेशन नंबर नोट नहीं कर सके। पुलिस की टीम अब इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर कार और उसके चालक की पहचान करने में जुटी है।

बांद्रा पुलिस स्टेशन में तैनात 29 वर्षीय कांस्टेबल करण मोहिते बांद्रा तालाब के पास एसवी रोड के दक्षिण दिशा वाले कैरिजवे पर रात 1.30 बजे से 3.30 बजे तक चल रही नाकाबंदी में ड्यूटी पर तैनात थे। उनके साथ कांस्टेबल सुनील कावले तथा पुलिसकर्मी पाटील और जरूणे भी ड्यूटी पर मौजूद थे।

पुलिस के मुताबिक, रात करीब 2.20 बजे लाल रंग की एक कार जरिमरी-बांद्रा तलाब रोड पर लगाए गए पुलिस नाकाबंदी स्थल की ओर तेज रफ्तार से आती दिखाई दी। पुलिसकर्मियों ने चालक को रुकने का इशारा किया, लेकिन आरोप है कि चालक ने कार की रफ्तार कम नहीं की और बैरिकेड को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बैरिकेड पीछे की ओर धकेलते हुए कांस्टेबल करण मोहिते के बाएं हाथ से जा टकराया जिससे उन्हें मामूली चोटें आईं। इसके बाद भी चालक ने कार नहीं रोका और मौके से फरार हो गया।

पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग की जांच की जा रही है, ताकि कार का रजिस्ट्रेशन नंबर और आरोपी चालक की पहचान की जा सके।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी