Aapka Rajasthan

मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर से की मुलाकात, कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर से नई दिल्ली में मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, यह बैठक 30 मिनट से अधिक समय तक चली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।
 

नई दिल्ली, 5 अगस्त (आईएएनएस)। तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर से नई दिल्ली में मुलाकात की। जानकारी के अनुसार, यह बैठक 30 मिनट से अधिक समय तक चली। इस दौरान कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर सीएम रेवंत रेड्डी ने मुलाकात की तस्वीर साझा करते हुए लिखा कि अमेरिका में तेलुगु सबसे तेजी से बढ़ने वाली भाषाओं में से एक है। राजदूत गोर ने उन्हें भरोसा दिलाया है कि वे हर स्तर पर दोनों पक्षों के संबंधों को मजबूत करने में पूरा सहयोग देंगे। उन्होंने तेलंगाना के लोगों और राज्य के एक अच्छे मित्र होने के लिए राजदूत का आभार भी व्यक्त किया।

बैठक के दौरान मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी ने तेलंगाना और अमेरिका के बीच शिक्षा, रोजगार, निवेश, तकनीक और अनुसंधान के क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत बनाने पर जोर दिया। उन्होंने अमेरिका में उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए जाने वाले तेलंगाना के छात्रों के लिए वीजा की संख्या बढ़ाने और समय पर वीजा अपॉइंटमेंट उपलब्ध कराने का मुद्दा उठाया।

मुख्यमंत्री ने अमेरिकी राजदूत से वीजा इंटरव्यू स्लॉट बढ़ाने और वीजा आवेदनों की प्रक्रिया को और तेज करने की बात कही। इसके अलावा, उन्होंने अमेरिका में कार्यरत तेलंगाना के पेशेवरों के सामने आने वाली चुनौतियों का भी मुद्दा उठाया। रेवंत रेड्डी ने एच-1बी वीजा की प्रोसेसिंग, नवीनीकरण और वीजा स्टैम्पिंग प्रक्रिया को सरल और तेज बनाने की आवश्यकता बताई। साथ ही वीजा नियमों में होने वाले बदलावों की पूर्व सूचना देने का भी सुझाव दिया।

बैठक में अमेरिका में अध्ययन कर रहे तेलंगाना के छात्रों की सुरक्षा और कल्याण से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और इस दिशा में बेहतर समन्वय की जरूरत है।

सीएम रेवंत रेड्डी ने अमेरिकी राजदूत को बताया कि राज्य सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी), आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), लाइफ साइंसेज, फार्मास्यूटिकल्स, स्टार्टअप, अनुसंधान और उन्नत प्रौद्योगिकी जैसे क्षेत्रों में साझेदारी के लिए तैयार है।

उन्होंने कहा कि तेलुगु अमेरिका में सबसे तेजी से बढ़ने वाली भारतीय भाषाओं में से एक है। उन्होंने भारतीय इतिहास और संस्कृति को लेकर अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर की समझ की सराहना की। साथ ही तेलंगाना की संस्कृति, परंपराओं, खानपान और राज्य की विशेषताओं में उनकी रुचि की भी प्रशंसा की।

वहीं, अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने तेलंगाना और अमेरिका के बीच व्यापार, निवेश, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और लोगों के बीच संबंधों को और मजबूत करने के लिए पूर्ण सहयोग का भरोसा दिया। उन्होंने दोनों पक्षों के बीच साझेदारी को नए आयाम देने की प्रतिबद्धता जताई।

--आईएएनएस

एएमटी/डीकेपी