मुख्यालय से आदेश मिलते ही एसी लगेगी, स्विमिंग प्रशिक्षकों की तलाश जारी: राम स्वरुप शर्मा
अंबाला, 16 जून (आईएएनएस)। जिला खेल पदाधिकारी राम स्वरुप शर्मा ने कहा है कि कॉपर पाइप चोरी होने के बाद वॉर हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के जिमनास्टिक हॉल का एसी काम नहीं कर रहा है। फिलहाल हमने एग्जॉस्ट और फैन लगाए हुए हैं। मुख्यालय से एसी लगाने संबंधी अनुमति मांगी गई है। आदेश मिलते ही एसी लगवा दिया जाएगा।
राम स्वरुप शर्मा ने मीडिया से बातचीत में कहा, "जिम्नास्टिक हॉल के एसी खराब हुए थे। इसके बारे में बताया गया था। हमने तुरंत इस मुद्दे पर संज्ञान लेते हुए मुख्यालय में पत्र लिखा। पत्र में एसी के रिपेयर की अनुमति मांगी गई थी। इस बीच हमने एग्जॉस्ट और फैन लगवा दिए थे, ताकि बच्चों को खेलते समय दिक्कत न आए। एग्जॉस्ट और फैन जब नहीं लगे हुए थे, तब ज्यादा गर्मी होती थी। अब पहले के मुकाबले 60 से 70 प्रतिशत तक कम गर्मी लगती है। यह बात मुझे बच्चों और कोचों द्वारा बताई गई है। हमें जैसे ही अनुमति मिल जाएगी, हम एसी जरूर लगवाएंगे।"
स्विमिंग सार्वजनिक लोगों के लिए बंद है। इससे आमजनों को परेशानी हो रही है और नए लोग प्रशिक्षण नहीं ले पा रहे हैं। इस पर शर्मा ने कहा कि स्विमिंग पूल खिलाड़ियों के लिए खुला हुआ है। आमजनों के लिए या नए सीखने वालों के स्टाफ की जरूरत होती है। इसके लिए हम टेंडर निकालते हैं। टेंडर की प्रक्रिया जब पूरी हो जाएगी, हमारे पास स्टाफ आ जाएगा, तब हम सार्वजनिक रूप से इसे खोल देंगे। स्टाफ न होने की वजह से सुरक्षा को देखते हुए आमजनों के लिए फिलहाल इसे बंद रखा गया है।
दरअसल, कॉपर पाइप चोरी होने के बाद वॉर हीरोज मेमोरियल स्टेडियम के जिमनास्टिक हॉल का एसी 70 दिनों से काम नहीं कर रहा है। इस वजह से 100 से ज्यादा एथलीट बहुत गर्मी में पंखे के साथ प्रशिक्षण कर रहे हैं और पानी की दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। स्विमिंग पूल के टेंडर में देरी से भी ट्रेनिंग पर असर पड़ रहा है।
--आईएएनएस
पीएके
