Aapka Rajasthan

दो दिवसीय बिहार दौरे पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार, वैशाली को बताया लोकतंत्र की जननी

पटना, 16 अगस्त (आईएएनएस)। भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार रविवार को दो दिनों के बिहार दौरे पर पटना पहुंचे। इस दौरान उनके साथ आयोग का एक उच्च स्तरीय शिष्टमंडल भी आया, जिसमें वरीय उप निर्वाचन आयुक्त मनीष गर्ग, महानिदेशक (मीडिया) आशीष गोयल, महानिदेशक (आईटी) सीमा खन्ना और आयोग के अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हैं।
 
पटना के जयप्रकाश नारायण अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर बिहार के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी विनोद सिंह गुंजियाल, पटना जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय कुमार शर्मा और अन्य वरिष्ठ अधिकारियों ने उनका स्वागत किया।

हवाई अड्डे पर आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने कहा, "मैं बिहार की पुण्य पावन धरती को नमन करने आया हूं।" उन्होंने इस मौके पर बिहार के मतदाताओं को धन्यवाद भी दिया।

उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण का देश भर में सबसे सफल आयोजन बिहार से ही शुरू हुआ। साथ ही पिछले विधानसभा चुनाव में मतदान प्रतिशत आजादी के बाद से अब तक का सबसे ज्यादा रहा। उन्होंने बताया कि यह प्रतिशत कई विकसित देशों जैसे फ्रांस, जापान और स्पेन से भी अधिक रहा। उन्होंने कहा, "वैशाली लोकतंत्र की जननी है। लोकतंत्र की जननी वैशाली और बिहार के मतदाताओं का तहे दिल से शुक्रिया।"

बिहार प्रवास के दौरान मुख्य निर्वाचन आयुक्त सीतामढ़ी, मधुबनी और वैशाली का भी दौरा करेंगे। इस दौरान उनके साथ मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी बिहार भी मौजूद रहेंगे।

दौरे के क्रम में मुख्य निर्वाचन आयुक्त ने जिला निर्वाचन तंत्र के अधिकारियों के साथ संवाद किया। इसके साथ ही उन्होंने बिहार की समृद्ध ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण स्थलों का भी अवलोकन किया।

आयोग के अधिकारियों ने बताया कि इस दौरे का उद्देश्य राज्य में चुनावी तैयारियों की समीक्षा करना और मतदाता जागरूकता को और मजबूत करना है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम